रायगढ़। “ऑपरेशन आघात” के तहत नकली शराब के संगठित नेटवर्क पर रायगढ़ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। धनागर गांव में हुए बड़े खुलासे के बाद फरार चल रहे आरोपी सुभाष पटेल को पुलिस ने जोरापाली स्थित फार्म हाउस से गिरफ्तार कर लिया है।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह अपने साथियों के साथ मिलकर शराब में स्प्रिट मिलाकर उसकी मात्रा बढ़ाता था। इसके बाद नकली होलोग्राम और फर्जी लेबल लगाकर शराब को असली ब्रांड की तरह तैयार किया जाता था और कोचियों के माध्यम से बाजार में बेचा जाता था।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर फार्म हाउस से गैस सिलेंडर, गैस चूल्हा, एल्यूमिनियम डेगची और बड़ी मात्रा में खाली शराब की बोतलें जब्त की हैं। इन सामग्रियों का उपयोग नकली शराब तैयार करने में किया जा रहा था।
मामले में गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है, जबकि गिरोह के एक अन्य फरार आरोपी की तलाश जारी है। रायगढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।






