एक ही दिन में 23 प्रकरण दर्ज, 161 लीटर अवैध शराब जब्त; तस्करों पर आबकारी अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई
कोरबा। जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कोरबा पुलिस का अभियान लगातार तेज होता जा रहा है। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में संचालित “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत बुधवार को जिलेभर में विशेष कार्रवाई करते हुए पुलिस ने अवैध शराब के कारोबार पर बड़ी चोट की है।

जिले के विभिन्न थाना एवं चौकी क्षेत्रों में एक साथ चलाए गए अभियान के दौरान एक ही दिन में 23 प्रकरण दर्ज कर कुल 161 लीटर अवैध शराब जब्त की गई। कार्रवाई के दौरान अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री में संलिप्त आरोपियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत कठोर वैधानिक कार्रवाई की गई।
कोरबा पुलिस का कहना है कि जिले में नशे के कारोबार को किसी भी कीमत पर पनपने नहीं दिया जाएगा। अभियान के तहत लगातार निगरानी रखी जा रही है और अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।
पुलिस ने आम नागरिकों से भी सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि यदि कहीं अवैध शराब या अन्य मादक पदार्थों के निर्माण, बिक्री अथवा परिवहन की जानकारी मिले तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
कोरबा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और जिले को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से अवैध कारोबारियों के खिलाफ इसी तरह कठोर एवं प्रभावी कार्रवाई निरंतर की जाती रहेगी।


