कोरबा जिले में सुरक्षित सफर और कानून व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त करने के लिए यातायात पुलिस अब पूरी तरह से ‘एक्शन मोड’ में आ चुकी है। जिले के कप्तान (पुलिस अधीक्षक) के सख्त और दूरदर्शी आदेशों का पालन करते हुए आज यातायात विभाग ने बुधवारी चौक पर जबरदस्त चेकिंग अभियान चलाया।
इस दौरान नियमों की धज्जियां उड़ाने वाले वाहन चालकों के खिलाफ न केवल कड़ी कार्रवाई की गई, बल्कि उन्हें सुरक्षा का पाठ भी पढ़ाया गया।
कप्तान का कड़ा रुख नाप दिए जाएंगे नियम तोड़ने वाले!
बुधवारी चौक पर शाम से ही यातायात पुलिस के जवानों ने मोर्चा संभाल लिया था। कप्तान के साफ निर्देश हैं—सड़क पर लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
चेकिंग के दौरान मुख्य रूप से इन पर गिरी गाज:
बिना हेलमेट वाले सिर पर हेलमेट न लगाने वालों को रोककर चालान काटा गया और दोबारा ऐसी गलती न करने की हिदायत दी गई।
ड्रिंक एंड ड्राइव: शराब पीकर गाड़ी चलाने वाले हुड़दंगियों पर पुलिस ने शिकंजा कसा ब्रेथ एनालाइजर से जांच कर मौके पर ही कड़ी कार्रवाई की गई।
तीन सवारी (ट्रिपल लोडिंग): एक ही बाइक पर तीन-तीन सवारी बैठकर चलाने वालों को पुलिस ने बीच सड़क पर ही सबक सिखाया।
बिना लाइसेंस, बिना इंश्योरेंस और ब्लैक फिल्म लगी गाड़ियों की भी सघन जांच की गई।
सिर्फ कार्रवाई नहीं, समझाइश भी: पुलिस का दिखा मानवीय चेहरा
खास बात यह रही कि पुलिस सिर्फ चालान काटने तक सीमित नहीं रही। कप्तान के मार्गदर्शन में यातायात पुलिस ने एक सच्चे गाइड की भूमिका निभाई।
”पुलिस ने लोगों को रोककर बड़े ही प्यार और आत्मीयता से समझाया कि हेलमेट आपकी शान के लिए नहीं, बल्कि आपकी जान के लिए है। ड्रिंक एंड ड्राइव करके आप सिर्फ अपनी नहीं, बल्कि सड़क पर चल रहे दूसरों की जिंदगी भी खतरे में डालते हैं।”
जागरूक नागरिकों का कहना है कि ऐसे अभियानों से ही सड़कों पर हादसों में कमी आएगी और अपराधी तत्वों में खौफ पैदा होगा।
सजग कोरबा सतर्क कोरबा’ का यह अभियान अब शहर के हर चौक-चौराहे पर दिखने लगा है।
यातायात पुलिस की अपील नियमों का पालन करें, हेलमेट जरूर लगाएं और सुरक्षित अपने घर लौटें। क्योंकि कोई घर पर आपका इंतजार कर रहा है!



