इन्दौर:
मध्य प्रदेश के इन्दौर में पुलिस ने अपराध पर नकेल कसते हुए एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। मुखबिर की खास सूचना के आधार पर पुलिस ने एम.आर. 5 रोड स्थित मंदिर के पास घेराबंदी कर तांबे के स्क्रैप से भरे 5 लोडिंग वाहनों को पकड़ा है। इस बड़ी कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 11 टन तांबे का स्क्रैप जब्त किया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब डेढ़ से दो करोड़ रुपए बताई जा रही है।
ऐसे हुई कार्रवाई और गिरफ्तारी
एसएसपी प्रदीप शर्मा ने मामले का खुलासा करते हुए प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि पीथमपुर के एक व्यापारी द्वारा पुलिस को सूचना दी गई थी कि उनकी फैक्ट्री से कुछ तांबे का स्क्रैप और माल ट्रकों में भरकर उज्जैन ले जाया जा रहा है। इसी सूचना के आधार पर पुलिस ने तुरंत एक्शन लेते हुए एम.आर. 5 रोड पर दबिश दी और स्क्रैप ले जा रहे 5 लोडिंग वाहनों को रोक लिया।
पुलिस ने मौके से 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनकी पहचान सुरेश, राहुल, रामकिशन, शंकर और विनायक के रूप में हुई है, और ये सभी इन्दौर के ही निवासी हैं।
पहले भी कर चुके हैं ऐसी वारदातों को अंजाम
पुलिस की पूछताछ में यह बात सामने आई है कि पकड़े गए आरोपियों में से एक व्यक्ति ने पहले भी इस तरह की वारदातों को अंजाम दिया है। ये लोग फैक्ट्री से तांबे का स्क्रैप चुराकर या अवैध तरीके से भरकर अलग-अलग जगहों पर ठिकाने लगाते थे और उसका डिस्पोजल करते थे।
न्यायालय में पेश किए गए आरोपी
पुलिस ने सभी पांचों आरोपियों को हिरासत में लेकर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया है। साथ ही, जब्त किए गए वाहनों और करोड़ों रुपए के माल के मालिकों से भी पूछताछ की जा रही है ताकि इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों और ठिकानों का भी पर्दाफाश किया जा सके।
इस मामले में आगे और क्या खुलासे सामने आते हैं बने रहे हमारी खबर में


