कोरबा/पाली:- बरसात का मौसम आते ही प्रकृति ने अपना सबसे खूबसूरत रूप धारण कर लिया है। आसमान में घने बादल, धरती पर बिछी हरी चादर और पहाड़ों से उठता सफेद कोहरा, ये नजारा किसी को भी मंत्रमुग्ध कर देने के लिए काफी है।
इसी अनुपम सौंदर्य की गवाही दे रही तस्वीर, जिसमे दिख रहा है कि बरसात के मौसम में धरा पर हरियाली छा गई है। खेत- खलिहान, पेड़- पौधे और मैदान सभी बारिश की बूंदों से नहाकर और भी ज्यादा हरे- भरे लग रहे हैं। सबसे मनिहारी दृश्य है पहाड़ों के ऊपर तैरते बादल। ऐसा लग रहा है मानो बादलों ने पहाड़ों को अपनी बाहों में भर लिया हो। पहाड़ों की चोटियों से उठता कोहरा, इस दृश्य को और भी रहस्यमयी और रोमांचक बना रहा है। दूर तक फैले बादलों से घिरा आसमान और उसके नीचे लहराती हरियाली देखकर लगता है जैसे धरती पर स्वर्ग उतर आया हो। पहाड़ी, वनांचल ग्रामीणों का कहना है कि बरसात के दिनों में इस तरह का नजारा रोज देखने को मिलता है, लेकिन हर बार यह नया एहसास देता है। प्रकृति प्रेमियों के लिए ये मौसम किसी सौगात से कम नही। फोटोग्राफ्स और प्रकृति के दीवानों के लिए यह दृश्य कैमरे में कैद करने लायक है। दूसरी ओर प्रकृति यह संदेश लेकर आता है कि बरसात सिर्फ पानी नही लाती, वो धरती को नया जीवन देती है। हरी- भरी धरती, शीतल हवा और बादलों से घिरे पहाड़ हमे याद दिलाते हैं कि प्रकृति के साथ जुड़ना कितना जरूरी है।



