छुरी / कोरबा: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के छुरी इलाके में बुधवार दोपहर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब ‘राज ज्वैलर्स’ में फिल्मी अंदाज में आए हथियारबंद बदमाशों ने दिनदहाड़े धावा बोल दिया। दोपहर करीब 1 बजे हुए इस सनसनीखेज वाकये ने पूरे इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर सवालिया निशान खड़े कर दिए हैं।
भेष बदलकर आए काल: महिला के लिबास में था मुख्य लुटेरा
इस वारदात की सबसे हैरान कर देने वाली बात यह थी कि लुटेरों की टोली का एक सदस्य बकायदा सलवार-सूट पहनकर, महिला की वेशभूषा में दुकान के भीतर दाखिल हुआ ताकि किसी को शक न हो। तीनों बदमाश पहले बेहद शातिर तरीके से ‘ग्राहक’ बनकर काउंटर के पास पहुंचे और सोने की अंगूठी दिखाने की मांग करने लगे।
आंखों में मिर्च पाउडर और फिर… कट्टा-चाकू तानकर मचाया तांडव
जैसे ही दुकान के कर्मचारी जेवरात दिखाने में व्यस्त हुए, बदमाशों ने अचानक अपनी जेबों से मिर्च पाउडर निकालकर वहां मौजूद तीन कर्मचारियों की आंखों में झोंक दिया। आंखें जलने और चीख-पुकार मचने के बीच ही बदमाशों ने लहराते हुए कट्टा और धारदार चाकू निकाल लिए। मौत सामने देख दुकान में सन्नाटा पसर गया और लुटेरे काउंटर पर रखे जेवरात समेटने लगे।
हड़बड़ाहट में लूट ले गए नकली माल: हैरानी की बात यह रही कि दहशत फैलाने के चक्कर में लुटेरे असली और नकली जेवरातों में फर्क नहीं कर पाए और सोने-चांदी के साथ भारी मात्रा में आर्टिफिशियल (नकली) ज्वेलरी भी समेटकर भाग निकले।
बने रहिए हमारी अगली ख़बर में




