छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में युवती को कान की बाली, नए कपड़े और नौकरी दिलाने का झांसा देकर उसके साथ गैंगरेप किया। युवती के साथ गैंगरेप में दो महिला आरोपी भी शामिल हैं, जिन्होंने अपराध को अंजाम देने में सहयोग किया।
पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर गैंगरेप के दो आरोपियों और अपराध में मदद करने वाली दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है। सभी को न्यायिक रिमांड में भेजा गया है। यह मामला मालखरौदा थाना क्षेत्र का है।
नौकरी का लालच देकर पीड़िता को फंसाया
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता (20 वर्ष) के माता-पिता हैदराबाद में मजदूरी करते हैं। वह गांव में अपने बुजुर्ग दादा-दादी के साथ रहती है। 31 अक्टूबर 2025 की शाम करीब 5 बजे पीड़िता अपने गांव के बड़े तालाब के पास घूमने गई थी। उसी समय आरोपी झनकेश्वर चंद्रा एक महिला लक्ष्मी महंत उर्फ मुस्कान के साथ बाइक से वहां पहुंचा।
झनकेश्वर ने पीड़िता को कान की बाली, नए कपड़े और सक्ती में नौकरी दिलाने का झांसा दिया। आरोपियों के झांसे में आकर पीड़िता उनके साथ बाइक पर बैठकर चली गई। इसके बाद आरोपी उसे पहले झुलकदम स्थित लक्ष्मी महंत के घर ले गए, जहां उसे करीब एक घंटे तक रोके रखा।

कमरे में बंद कर किया सामूहिक दुष्कर्म
बाद में दोनों आरोपी काम दिलाने का बहाना बनाकर पीड़िता को ग्राम डोंडकी में धनकुंवर यादव के घर ले गए। रात के समय वहां आरोपी झनकेश्वर चंद्रा और प्रदीप निराला ने पीड़िता को एक कमरे में बंद कर बारी-बारी से उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। इस दौरान लक्ष्मी महंत उर्फ मुस्कान और धनकुंवर यादव ने पीड़िता को अपने घर में रखकर अपराध को अंजाम देने में सहयोग किया।

आरोपियों ने जुर्म कबूला
पीड़िता की शिकायत पर मालखरौदा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी प्रफुल्ल ठाकुर और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश यादव ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
इन निर्देशों के तहत पुलिस टीम ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर सभी आरोपियों को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।

सबूत मिलने के बाद पुलिस ने चारों आरोपियों प्रदीप निराला (22 वर्ष), निवासी कुरदा; झनकेश्वर चंद्रा (37 वर्ष), निवासी सोनादुला; लक्ष्मी महंत उर्फ मुस्कान (32 वर्ष), निवासी रघुनाथपुर, हाल मुकाम झुलकदम; और धनकुंवर यादव (45 वर्ष), निवासी ग्राम डोंडकी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच आगे भी जारी है और कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
मालखरौदा थाना प्रभारी प्रवीण राजपूत ने बताया कि पीड़िता ने सामूहिक दुष्कर्म की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जिसपर अपराध दर्ज कर जांच में लिया गया था। जांच के बाद गैंगरेप करने वाले दो आरोपियों और उनका सहयोग करने वाली दो महिलाओं सहित कुल 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। सभी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।


