कोरबा-हरदीबाजार | जिले में धान खरीदी के साथ ही अवैध रूप से धान खपाने की कोशिशें भी तेज़ हो गई हैं, लेकिन प्रशासन ऐसे तत्वों पर लगातार शिकंजा कस रहा है। कलेक्टर अजीत वसंत के निर्देशानुसार जिलेभर में विशेष टीमों द्वारा निगरानी और कार्रवाई जारी है। पाली अनुविभाग में एसडीएम रोहित सिंह के मार्गदर्शन में लगातार अभियान संचालित किया जा रहा है।
इसी क्रम में सोमवार देर शाम तहसील हरदीबाजार के ग्राम नुनेरा में अवैध धान परिवहन की सूचना मिलते ही टीम सक्रिय हो गई। अनुविभागीय अधिकारी पाली रोहित सिंह, नायब तहसीलदार पाली और हल्का पटवारी ने रात्रि लगभग 8:30 बजे मौके पर छापा मारा। जांच में एक पिकअप वाहन में 70 कट्टी धान परिवहन के लिए लोड पाया गया।
इसके अलावा मनोज किराना स्टोर, नुनेरा के प्रोपराइटर के गोदाम में 120 कट्टी धान अवैध रूप से भंडारित मिला। कुल मिलाकर 190 कट्टी धान (लगभग 82 क्विंटल) की जप्ती की गई। प्रशासन ने तत्काल गोदाम को सील कर धान को जांच हेतु सुपुर्द किया।
प्रशासन का कहना है कि धान खरीदी अवधि में अवैध परिवहन और भंडारण पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


