रायगढ़ जिले में लगातार हो रही बारिश के कारण जन जीवन अस्त-व्यस्त हो चुका है। वहीं लगातार बारिश से केलो डैम के 4 गेट खोले गए हैं। इससे केलो नदी का जलस्तर भी बढ़ गया है।
जिले में पिछले 15 घंटे से मध्यम और तेज बारिश हो रही है। ऐसे में डैम का जलस्तर भी बढ़ने लगा। जिसे देखते हुए शुक्रवार की सुबह केलो डैम के चार गेट को खोल दिया गया है।
बताया जा रहा है कि अभी केलो डैम में 331.35 मीटर लेबल है। मौसम विभाग ने रायगढ़ समेत छह जिलों में भारी बारिश, बिजली गिरने, बादल गरजने और आंधी चलने का यलो अलर्ट जारी किया है।

कोंड़केल रास्ते में पानी बहने लगा
तमनार विकासखंड के कोंडकेल-मिलुपारा जाने वाले मार्ग में पानी भरने से लोगों को आने जाने में काफी परेशानी हो रही है। बताया जा रहा है कि कोंडकेल तिराहा रास्ते में कमर तक पानी बहने लगा। हांलाकि, लोग उसे पार करते नजर आए। वहीं कुछ नाले भी उफान पर हैं।

अंडर ग्राउंड पुल में भरा नाले का पानी
बारिश होते ही हर बार शहर के मालधक्का रोड स्थित अंडर ग्राउंड पुल में नाले का पानी भर जाता है। इस बार भी ऐसा ही हुआ। सुबह से अंडर ग्राउंड पुल में नाले का गंदा पानी बहने लगा। ऐसे में निगम ने दोनों ओर बेरिकेड्स लगा दिए है। ताकि गंदे पानी से कोई पार न हो। पिछले साल यहां पुल में बने चेंबर का ढक्कन हट जाने से एक बाइक सवार इसमें गिर गया था।
डैम में 331. 35 मीटर लेबल पानी
केलो परियोजना के ईई एमके गुप्ता ने बताया कि लगातार बारिश होने से डैम में पानी भरा है और अभी 331.35 मीटर लेबल पानी है। सुबह डैम के 4 गेट खोले गए हैं और खतरे के निशान से नीचे है। डैम में लगातार मानिटरिंग की जा रही है।



