कोरबा (छत्तीसगढ़), 21 दिसंबर 2025: कोरबा जिले के कर्तला थाना क्षेत्र के भेलवाटार जंगल में चल रहे अवैध जुआ के अड्डे पर सायबर सेल, उरगा थाना और रजगामार चौकी की संयुक्त पुलिस टीम ने बड़ी छापेमारी कर 20 जुआरियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से लगभग ₹2.5 लाख नकद, 23 मोटरसाइकिलें, एक कार और 35 मोबाइल फोन जब्त किए हैं।
पुलिस सूत्रों के अनुसार यह जुए का अड्डा लंबे समय से जंगल में संचालित हो रहा था और आसपास के ग्रामीण एवं अन्य क्षेत्रों के लोग इसमें शामिल थे। छापेमारी सूचना के आधार पर गोपनीय तरीक़े से की गई, जिससे मौके पर मौजूद अधिकांश जुआरियों को पकड़ा गया।
इस पूरे मामले में कर्तला थाना प्रभारी निरीक्षक कृष्ण कुमार वर्मा को निलंबित कर दिया गया है, क्योंकि उन पर आरोप है कि उन्होंने जुआ जैसे सामाजिक अपराध में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की बल्कि उन्हें संरक्षण प्रदान किया। इस शिकायत के बाद पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने तत्काल निलंबन की प्रक्रिया शुरू कर दी।
पुलिस ने बताया कि इस कार्रवाई के दौरान अवैध जुए पर अंकुश लगाने और सामाजिक अपराधों से निपटने के लिए पहले ही सभी थाना व चौकी प्रभारियों को निर्देश दिए गए थे, लेकिन स्थानीय अधिकारी की लापरवाही के कारण यह अड्डा लंबा समय तक चलता रहा, जिससे विभागीय जवाबदेही के तहत सख्त कदम उठाया गया है।


