गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही: कोटमी में हुए सराफा कारोबारी प्रदीप सोनी की हत्या के मामले में पेंड्रा पुलिस और साइबर सेल को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। मृतक प्रदीप सोनी के भाई को व्हाट्सएप (WhatsApp) पर धमकी भरा मैसेज भेजकर हत्या की जिम्मेदारी लेने और परिवार को डराने वाले आरोपी प्रियांशु सिंह (उम्र 26 वर्ष) को पुलिस ने अंबिकापुर से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ पेंड्रा थाने में प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
क्या था मामला
सराफा कारोबारी प्रदीप सोनी की हत्या के बाद, उनके छोटे भाई मनोज सोनी के मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से व्हाट्सएप मैसेज आया था। इस मैसेज में भेजने वाले ने न सिर्फ प्रदीप सोनी की गोली मारकर हत्या करने की बात कबूली थी, बल्कि मृतक के बेटे को लेकर भी आपत्तिजनक और धमकी भरे शब्दों का इस्तेमाल किया था। मैसेज में लिखा था, “आपको जो करना है कर लेना।” हालांकि, इस धमकी भरे संदेश के कुछ समय बाद ही संबंधित व्यक्ति ने उसी चैट पर माफी भी मांग ली थी।मामले की गंभीरता को देखते हुए पेंड्रा पुलिस ने तत्काल अपराध दर्ज किया। साइबर सेल की मदद से मोबाइल नंबर को ट्रेस किया गया और सीडीआर (कॉल डिटेल रिकॉर्ड) व लोकेशन की तकनीकी जांच करते हुए पुलिस आरोपी तक पहुंचने में कामयाब रही।







