दीपका नगर पालिका के अध्यक्ष राजेन्द्र राजपूत और मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) राजेश गुप्ता ने गुजरात के सूरत में आयोजित तीन दिवसीय कार्यशाला में भाग लिया। यह कार्यशाला ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन के सफल मॉडल का अध्ययन और अवलोकन करने के उद्देश्य से आयोजित की गई थी, जिसमें देशभर के स्थानीय निकायों को शामिल किया गया था।
कार्यशाला में प्रतिनिधियों को सूरत की उन्नत अपशिष्ट प्रबंधन प्रणाली, स्मार्ट ट्रांसफर स्टेशन, डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण, बायोमाइनिंग, वेस्ट टू वेल्थ परियोजनाएं, रिसायकल केंद्रों और जीपीएस आधारित निगरानी व्यवस्था की जानकारी दी गई। नगर पालिका प्रतिनिधियों ने इन सभी प्रणालियों का अवलोकन किया और उनके क्रियान्वयन की प्रक्रिया को समझा। नगर पालिका अध्यक्ष राजेन्द्र राजपूत ने बताया कि सूरत नगर निगम द्वारा अपनाई गई स्वच्छता प्रणाली अत्यंत प्रेरणादायक है और दीपका में भी इसे लागू करने का पूरा प्रयास किया जाएगा। सीएमओ राजेश गुप्ता ने कहा कि सूरत जैसे शहर से सीख लेकर दीपका को भी स्वच्छता के क्षेत्र में अग्रणी बनाना हमारा लक्ष्य है। उन्होंने संकल्प जताया कि दीपका को साफ-सुथरा और सुनियोजित बनाने हेतु नवाचारों को अमल में लाया जाएगा।


