बादाम कांड वाली महिला अफसर का नया, NOC देने के एवज में मांगे पैसे, वीडियो बनाते देख भड़की, बोलीं- मैने नहीं की कोई डिमांड, बिलासपुर में चर्चित “बादाम कांड” वाली छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल की वरिष्ठ सहायक पूनम बंजारे का एक नया वीडियो सामने आया है। वीडियो में एक महिला उस पर एनओसी देने के एवज में पैसे मांगने का आरोप लगा रहीं हैं। हालांकि, वीडियो में महिला अफसर पैसे मांगने से मना कर रही हैं और ऑफिस में हल्ला कर हंगामा मचाती भी नजर आ रही हैं। इस मामले में दोनों पक्ष ने कोई शिकायत नहीं की है।
दरअसल, छत्तीसगढ़ हाउसिंग बोर्ड ऑफिस में मकान और फ्लैट खरीदने के बाद नामांतरण के लिए लोगों को चक्कर काटना पड़ रहा है। प्रावधान के अनुसार आवेदन पत्र जमा करने के बाद भी उन्हें बेवजह परेशान किया जा रहा है और उनके आवेदन को लंबे समय तक लंबित रखा रहा है।
बताया जा रहा है कि महिला ने मकान खरीदने के बाद नामांतरण को लेकर 17 मार्च 2025 को आवेदन पत्र जमा किया था। 11 नवंबर 2025 को आदेश जारी होने के बाद भी महिला को राहत नहीं मिली। यही वजह है कि प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं।
महिला का आरोप एनओसी के एवज में मांगे पैसे सोशल मीडिया पर एक महिला और हाउसिंग बोर्ड में पदस्थ वरिष्ठ सहायक पूनम बंजारे का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें महिला ने एनओसी देने के एवज में पैसे मांगने का आरोप लगा रही है। वहीं, पूनम बंजारे पैसे मांगने से मना कर रहीं हैं।
इस दौरान वीडियो बनाते देख ऑफिस परिसर में पूनम बंजारे भड़क गई और गाली देने लगीं। साथ ही कहा कि उन्होंने पैसे की डिमांड नहीं की हैं। दूसरी तरफ पीड़ित महिला कह रही हैं आपने पैसे की मांग की है।
फाइल गुमने पर याददाश्त बढ़ाने फेंके बादाम दरअसल, हाउसिंग बोर्ड कार्यालय इन दिनों चर्चा में है। तरुण साहू ने 17 मार्च 2025 को नामांतरण के लिए आवेदन किया था। 11 नवंबर 2025 को सारी प्रक्रिया पूरी कर पत्र भी जारी कर दिया गया था, लेकिन इसके बाद भी फाइल उन्हें नहीं दी गई और दफ्तर में ही पड़ी रही। यानी काम पूरा होने के बावजूद उन्हें करीब एक साल तक बेवजह चक्कर लगाने पड़े।
युवक से कहा गया कि उसकी फाइल नहीं मिल रही है। इससे परेशान और नाराज युवक हाउसिंग बोर्ड ऑफिस में आधा किलो बादाम लेकर पहुंचा। युवक ने असिस्टेंट मैनेजर की टेबल पर बादाम फेंकते हुए कहा, ‘इसे खाइए, याददाश्त बढ़ेगी। जब याद आ जाए कि मेरी फाइल कहां है, तो मुझे बता दीजिए।’ युवक ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।


