कोरबा पोड़ी-उपरोड़ा ब्लॉक के ग्राम पंचायत परला में 13 कुएं का निर्माण कराया गया है। खुदाई में जेसीबी का उपयोग करने की शिकायत पर जनपद सीईओ ने सरपंच, सचिव और रोजगार सहायक को नोटिस जारी किया है। दो दिन के भीतर जवाब प्रस्तुत करने को कहा है।
मनरेगा के तहत कुएं के निर्माण में मजदूरों से काम कराना होता है। इसके बाद भी मिट्टी की खुदाई में जेसीबी का इस्तेमाल खुलेआम हो रहा है। भाजपा चोटिया मंडल के चंद्र प्रताप सिंह उर्रे ने मनरेगा के तहत वित्तीय वर्ष 2025-26 में कुएं के निर्माण में मशीन का उपयोग करने की शिकायत की थी।
उन्होंने प्रशासनिक टीम से जांच कराने और भुगतान रोकने की मांग की। इस पर ही जनपद सीईओ जयप्रकाश डडसेना ने नोटिस जारी किया है। साथ ही दोषी पाए जाने पर अनुशास नात्मक कार्रवाई भी होगी। मनरेगा योजना के तहत ऑडिट होने के बाद भी पंचायत में गड़बड़ी का गंभीर मामला है। उर्रे ने कहा है कि मामले की निष्पक्ष जांच करनी चाहिए।




























