कोरबा। सीएसईबी क्षेत्र स्थित डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ताप विद्युत गृह (डीएसपीएम) के सामने रेलवे ट्रैक के समीप किए गए एक कथित अवैध निर्माण को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय स्तर पर आरोप लगाए जा रहे हैं कि एक निजी ठेकेदार द्वारा रेलवे और शासकीय भूमि के निकट कार्यालयनुमा पक्का ढांचा खड़ा कर लिया गया है, जबकि संबंधित विभागों ने अब तक कोई कार्रवाई नहीं की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रेलवे ट्रैक और सिग्नल केबिन के समीप बनाए गए इस निर्माण को सुरक्षा मानकों के विपरीत बताया जा रहा है। आरोप है कि उक्त स्थान के ऊपर से हाईटेंशन विद्युत लाइन भी गुजर रही है, जिसके बावजूद यहां स्थायी निर्माण किया गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इससे सुरक्षा संबंधी जोखिम उत्पन्न हो सकता है।
सूत्रों के अनुसार रेलवे क्षेत्र में ट्रैक के आसपास निर्धारित सुरक्षा दायरे में किसी भी प्रकार के निर्माण के लिए संबंधित विभागों की अनुमति आवश्यक होती है। वहीं सिग्नल केबिन के निकट निर्माण होने से रेल संचालन और लोको पायलटों की दृश्यता प्रभावित होने की आशंका भी जताई जा रही है।
इस पूरे मामले में संबंधित विभागों की ओर से अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन, रेलवे और सीएसईबी प्रबंधन से मामले की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है। वहीं लोगों का कहना है कि यदि निर्माण नियमों के विपरीत पाया जाता है तो उसे हटाने की प्रक्रिया सुनिश्चित की जानी चाहिए।






