रायगढ़, 8 जुलाई। रायगढ़ पुलिस ने ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत अवैध कबाड़ कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 8.5 टन संदिग्ध लोहे का स्क्रैप और एक महिंद्रा 6 चक्का वाहन जब्त किया है। कार्रवाई में पुलिस ने कुल 22 लाख रुपये की संपत्ति जब्त कर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी एवं एसडीओपी प्रभात पटेल के मार्गदर्शन में थाना छाल पुलिस ने लगातार दूसरे दिन यह बड़ी कार्रवाई की। मुखबिर से सूचना मिलने पर थाना प्रभारी निरीक्षक नासिर खान ने हाटी क्षेत्र से घरघोड़ा की ओर जा रहे संदिग्ध वाहन की घेराबंदी कर जांच की।
पुलिस ने महिंद्रा 6 चक्का वाहन (CG-12 BD-1623) को रोककर तलाशी ली, जिसमें तिरपाल के नीचे भारी मात्रा में लोहे का स्क्रैप, एंगल, टीना और अन्य कबाड़ सामग्री लोड मिली। चालक से परिवहन संबंधी वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
पूछताछ में चालक ने अपना नाम तौफिक खान (19 वर्ष), निवासी कोरबा बताया। पुलिस ने करीब 8,500 किलोग्राम लोहे का स्क्रैप (अनुमानित कीमत ₹2 लाख) तथा महिंद्रा 6 चक्का वाहन (अनुमानित कीमत ₹20 लाख) जब्त कर कुल ₹22 लाख की संपत्ति अपने कब्जे में ली।
आरोपी के विरुद्ध भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 35(क), 35(ड) तथा भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2) के तहत अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस अब कबाड़ के स्रोत और उसके वास्तविक स्वामित्व की भी जांच कर रही है।
कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक नासिर खान, प्रधान आरक्षक शंभू प्रसाद पाण्डेय, आरक्षक राजेश राठौर, सतीश जगत, भगवती प्रसाद लक्ष्मे सहित थाना छाल की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि अवैध कबाड़ कारोबार चोरी और औद्योगिक संपत्ति से जुड़े अपराधों को बढ़ावा देता है। ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत ऐसे नेटवर्क पर लगातार कार्रवाई जारी रहेगी और बिना वैध दस्तावेजों के कबाड़ परिवहन करने वालों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


