कोरबा: जिले के करतला विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत सेन्द्रीपाली के ग्रामीणों में सरपंच सचिव के प्रति काफी आक्रोश देखा जा रहा है । इसकी मुख्य वजह ये है कि गांव में अनेक तरह की समस्याएं व्याप्त हैं और सरपंच सचिव के पास शिकायत करने के बावजूद उनके द्वारा कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है । ग्रामीणों का आरोप है कि सरपंच पन्ना लाल कंवर और सचिव नीतू गुप्ता गाँव की गलियों में कभी झांकने तक नहीं आते। ग्रामीण किस हाल में रह रहे हैं उनकी क्या-क्या समस्याएं हैं इससे उन दोनों को कोई लेना-देना नहीं है ।


ग्रामीणों ने बताया कि गांव में कई तालाब है जिसमें जलकुंभियों और कूड़े कचरे का अंबार लगा है । वहां का पानी इतना बदबूदार है कि उपयोग करने में बीमारियों का भय बना रहता है। कई तालाब में पचरी निर्माण भी नहीं हुआ है और जहां पचरी है उसकी हालत काफी जर्जर हो चुकी है ।

बरसों पहले सड़क निर्माण हुआ था जो अब काफी जीर्णशीर्ण हो गया है। इसकी मरम्मत की बहुत आवश्यकता है इसके अलावा गांव में नई सड़क के निर्माण की भी जरूरत है। घरों से निकले गंदे पानी की निकासी के लिए गांव में नाली ही नहीं । बार-बार की शिकायत के बाद नाली का निर्माण कार्य शुरू हुआ था लेकिन उसे आधा अधूरा ही छोड़ दिया गया । जो थोड़ा बहुत निर्माण हुआ था वह भी अब टूट चुका है ।

स्वच्छ भारत अभियान के तहत केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं में घर-घर शौचालय निर्माण की भी योजना थी लेकिन आज पर्यंत तक गांव के सभी ग्रामीणों को शौचालय की सुविधा नहीं मिली है । कुछ लोगों ने अपने निजी पैसों से शौचालय का निर्माण किया है तो कुछ आज भी शौच के लिए बाहर जाने को मजबूर हैं । गांव में दो सबसे बड़ी समस्या पेयजल की कमी और खुलेआम अवैध शराब की बिक्री है । जल जीवन मिशन के तहत घर-घर नल कनेक्शन देने की योजना थी । कनेक्शन तो पहुंच गए लेकिन पानी सप्लाई नहीं हो रही है।

