कोरबा
जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में गौ तस्करी की अफवाहों के चलते रात के समय माल परिवहन करने वाले चालकों में दहशत है। इन्हें रास्ते में रुकवाने की कोशिश की जाती है, लूटपाट के डर से नहीं रुकने पर पीछा कर मारपीट की जाती है।
ताजा मामला गोढ़ी गांव का है, जहां गौ तस्करी के शक पर पिकअप चालक की बेरहमी से पिटाई कर दी गई। पीड़ित ने थाना पहुंच घटना की रिपोर्ट लिखाई है। घटना सिविल लाइन थाना के गोढ़ी गांव में रविवार देर रात हुई, जहां पिकअप सीजी- 13- एएम- 7356 के चालक सोनू शर्मा से मारपीट की घटना हुई। घटना में उसके सिर और पीठ पर गंभीर चोटें आई हैं। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी पहचान के प्रयास में जुट गई है। पीड़ित ने बताया वह जशपुर से एक शिक्षक के घर का सामान लोड कर कोरबा आ रहा था। गोढ़ी गांव के पास सुनसान जगह पर बाइक सवारों ने रुकने का इशारा किया।
उसने वाहन नहीं रोका तो आगे 7-8 युवकों ने उसे घेरकर रोका। उन्होंने खुद को बजरंग दल का कार्यकर्ता बता गौ तस्करी का आरोप लगा लाठी-डंडों से उस पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल होने पर वे मौके से भाग निकले। मालवाहक चालकों ने बताया जिले के ग्रामीण क्षेत्र में रात के समय डर से माल परिवहन करना छोड़ दिया है, क्यांेकि ग्रामीण सड़कों पर रात के वक्त गौ रक्षक के नाम पर युवकों की टोलियां सक्रिय रहती हैं, जो हर मालवाहक वाहन को जबरन रोककर जांच करती है। चालकों से जबरन गाली-गलौज व मारपीट भी करते हैं।
लूटपाट के डर से गाड़ी न रोकें तो वे युवक आगे के गांवों या चौराहों पर लोगों को गौ तस्करी की गाड़ी आ रही है, जैसी झूठी सूचना देकर नाकाबंदी करवा देते हैं। इसके बाद बिना सच जाने, उग्र भीड़ वाहन को घेरकर चालकों के साथ मारपीट और मॉब लिंचिंग पर उतारू हो जाती है। पुलिस के चक्कर में पड़ने के बजाए रात में ग्रामीण क्षेत्रों में जाना ही छोड़ दिया है।
ड्राइवरों का दर्द: रात का सफर बना जी का जंजाल
कानून हाथ में न लें, पुलिस को तुरंत सूचना दें: एएसपी एएसपी लखन पटले के मुताबिक गौ तस्करी की अफवाह में आकर वाहन चालकों या अन्य लोगों से बेवजह मारपीट करना अपराध की श्रेणी में आता है। ऐसी घटनाएं कभी-कभी गंभीर रूप ले लेती है। ऐसी कोई जानकारी मिलने पर लोग कानून को हाथ में न लेवें, पुलिस को सूचना दें। त्वरित सूचना पर पुलिस वाहनों की जांच भी करेगी, मामला पकड़े जाने पर कड़ी कार्रवाई भी होगी।

