📍 बिलासपुर | सरकंडा थाना
बिलासपुर के सरकंडा थाना क्षेत्र में नाबालिग बच्ची को डराकर और उसके परिजनों की हत्या की धमकी देकर करीब 450 ग्राम सोने के जेवर और ₹14.50 लाख हड़पने के चर्चित मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। त्वरित कार्रवाई करते हुए अब तक एक महिला सहित कुल 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। साथ ही अवैध रूप से सोने के जेवर खरीदने वाले खरीददारों को भी सलाखों के पीछे पहुंचा दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, पीड़ित परिवार की शिकायत पर दर्ज अपराध में आरोप है कि जनवरी 2025 से 1 जुलाई 2026 के बीच आरोपियों ने नाबालिग बच्ची को लगातार भयभीत कर उसके माध्यम से सोने के जेवर और नगदी अपने कब्जे में ले ली। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की गई।
🔹 पहले चरण में 4 आरोपी गिरफ्तार
2 अगस्त 2026 को पुलिस ने आयुष यादव, आदर्श शर्मा, प्रिंस साहू और आदित्य पांडे को गिरफ्तार किया। पूछताछ में अन्य आरोपियों और जेवर खरीदने वालों के नाम सामने आए।
🔹 72 घंटे में 5 और गिरफ्तार
लगातार कार्रवाई करते हुए 5 अगस्त 2026 को पुलिस ने प्रियम शर्मा, आकाश झा, शौर्य करोलिया, राजेश सोनी उर्फ राजू और खुशबू बुधिया को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों एवं खरीददारों के कब्जे से भयादोहन से प्राप्त सोने के जेवर और नगद राशि भी बरामद कर विधिवत जब्त कर ली।
सभी गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि इस वारदात में अन्य लोगों की भी भूमिका तो नहीं है।





