छत्तीसगढ़ / कोरबा
जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय के मुख्य गेट के ठीक सामने शराब के नशे में धुत कार सवारों की लापरवाही का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। सफेद रंग की मारुति सुजुकी फ्रोंक्स कार क्रमांक CG 12 BS 2095 के चालक ने बालको निवासी युवक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। घटना में युवक घायल हो गया जबकि कार सवार इलाज के लिए दवा लाने का बहाना बनाकर मौके से रफूचक्कर हो गए।
जानकारी के अनुसार बालको निवासी हरिओम तिवारी किसी काम से कोरबा शहर आया हुआ था। काम समाप्त कर जब वह वापस लौट रहा था तभी एसपी ऑफिस के मुख्य द्वार के पास पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार CG 12 BS 2095 ने उसे जोरदार ठोकर मार दी। अचानक हुई टक्कर से हरिओम सड़क पर गिर पड़ा और उसे चोटें आईं।
कार के भीतर चल रही थी शराब पार्टी, अगली सीट पर अश्लीलता
घटना के तुरंत बाद आसपास के लोगों ने घायल युवक को संभाला और कार को किनारे रुकवाया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार के भीतर का नजारा बेहद आपत्तिजनक था, कार सवार सभी लोग अत्यधिक नशे में धुत थे और गाड़ी के भीतर से शराब की तेज बदबू आ रही थी। कार की पिछली सीट पर दो युवक और एक युवती सवार थे। अगली सीट पर चालक के बगल में बैठे युवक की गोद में एक युवती बैठी हुई थी। नशे की हालत इतनी अधिक थी कि कोई भी ठीक से बात करने या संभलने की स्थिति में नहीं था।
दवा लेकर आता हूँ’कहकर चालक हुआ फरार
मौके पर मौजूद लोगों ने जब घायल का तुरंत उपचार कराने की बात कही तो चालक ने गाड़ी में दवा होने और मेडिकल से दवा लेकर तुरंत लौटने का बहाना बनाया। लोगों को झांसा देकर चालक तेज रफ्तार में कार दौड़ाते हुए मौके से फरार हो गया और वापस नहीं लौटा।
बड़ा सवाल: नशे की इस सनक से जा सकती थी जान
शराब के नशे में इस तरह बीच सड़क पर वाहन दौड़ाना किसी बड़ी अनहोनी को न्योता देने जैसा है। अगर टक्कर थोड़ी और गंभीर होती तो किसी की जान भी जा सकती थी। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि सिर्फ वाहन चालक ही नहीं बल्कि गाड़ी में सवार होकर इस तरह की हुड़दंगई को बढ़ावा देने वाले सभी सह-सवारों पर भी कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।
पीड़ित हरिओम तिवारी की लिखित शिकायत पर सिविल लाइन थाना रामपुर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मामले में अपराध पंजीबद्ध कर लिया है। वाहन का रजिस्ट्रेशन नंबर CG 12 BS 2095 स्पष्ट होने के आधार पर पुलिस द्वारा वाहन चालक व स्वामी की शिनाख्त कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
































