*कोरबा:-* साइबर ठगों ने ठगी का एक नया खतरनाक तरीका निकाला है। यदि आपके वाट्सअप पर किसी परिचित के नंबर से निमंत्रण कार्ड. apk नाम से कोई फाइल आई है तो भूलकर भी उसे डाउनलोड या ओपन न करें। एक क्लिक में आपका पूरा बैंक खाता खाली हो सकता है।
जानकारी के अनुसार ठग पहले किसी व्यक्ति का मोबाइल नंबर हैक कर लेते हैं। फिर उसी हैक किये गए नंबर से उसके सभी संपर्क नंबरों पर वाट्सअप के जरिये एक मैसेज भेजते हैं, जिसमे लिखा होता है- *निमंत्रण कार्ड.apk (1.9 MB)*, जो एक फाइल होती है और जो दिखने में शादी या किसी कार्यक्रम का इनविटेशन कार्ड लगता है। लोग उत्सुकतावश इसे डाउनलोड कर खोल देते हैं। जैसे ही आप इस APK फाइल को इंस्टाल करते हैं, आपके फोन का पूरा नियंत्रण हैकर्स के पास चला जाता है। आपका बैंकिंग ओटीपी, पासवर्ड, गैलरी, कॉन्टैक्ट सब कुछ उनके सर्वर पर चला जाता है और कुछ ही मिनटों में आपके खाते से राशि उड़ा ली जाती है। ऐसे में आपके नंबर पर apk फाइल आए तो भूलकर भी उसे डाउनलोड न करें। असली निमंत्रण कार्ड कभी apk फार्मेट में नही आता, वह JPG या PDF में आता है। इसके अलावा उक्त मैसेज फारवर्ड करने से भी बचें, साथ ही अपने परिवार, रिश्तेदार, जान- पहचान के लोगों को भी इस ठगी के बारे में जरूर बताएं। बुजुर्ग और कम पढ़े- लिखे लोग इसका सबसे ज्यादा शिकार हो रहे हैं। यदि गलती से डाउनलोड कर लिया है तो तुरंत अपना फोन फ्लाइट मोड़ पर डालें और साइबर हेल्पलाइन पर कॉल कर शिकायत दर्ज कराएं अथवा संबंधित थाने- चौकी में अविलंब जाकर सूचना दें। पुलिस और साइबर एक्सपर्ट की सलाह है कि वाट्सअप सेटिंग में जाकर ऑटो डाउनलोड बंद रखें और किसी भी apk फाइल को इंस्टाल करने से पहले सौ बार सोंचे। सतर्क रहें, सुरक्षित रहें।












