रायगढ़ पुलिस ने अंतरराज्यीय गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए उत्तर प्रदेश के 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 34 किलो 865 ग्राम गांजा, तीन कार, एक स्कूटी और आठ मोबाइल फोन बरामद किए हैं। जब्त संपत्ति की कुल कीमत करीब 61 लाख 53 हजार 200 रुपये बताई जा रही है।

पुलिस के मुताबिक, तस्करों का यह काफिला उड़ीसा से गांजे की बड़ी खेप लेकर उत्तर प्रदेश जा रहा था। आगे चल रही गाड़ियों से पायलटिंग की जा रही थी, जबकि पीछे टाटा सफारी में गांजा रखा गया था। लैलूंगा पुलिस की नाकेबंदी के दौरान तस्करों ने पुलिस वाहन को टक्कर मारकर भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने पीछा कर आरोपियों को दबोच लिया।…,,,
दरअसल, 3 सितंबर को लैलूंगा पुलिस को सूचना मिली थी कि काले रंग की टाटा सफारी में भारी मात्रा में गांजा लेकर तस्कर उड़ीसा की ओर से लैलूंगा-पत्थलगांव होते हुए उत्तर प्रदेश की तरफ जा रहे हैं,,,
सूचना मिलते ही पुलिस ने वरिष्ठ अधिकारियों को जानकारी दी और ग्राम कमरगा में नाकेबंदी कर दी।
इसी दौरान जमुना की ओर से तेज रफ्तार टाटा सफारी आती दिखाई दी। पुलिस ने वाहन को रोकने का प्रयास किया, लेकिन आरोप है कि सफारी चालक ने पुलिस के प्राइवेट वाहन को साइड से टक्कर मार दी और मौके से भागने लगा।
पुलिस टीम ने पीछा शुरू किया और ग्राम मोतीपुर के पास सफारी को घेर लिया। सफारी के आगे एक स्कूटी भी चल रही थी, जिसे पुलिस ने पायलटिंग वाहन के रूप में बताया है।
पुलिस ने स्कूटी चालक गगन कुमार चौधरी और सफारी चालक अनिल कुमार चौधरी को पकड़ लिया। पूछताछ में सामने आया कि इनके साथ छह अन्य आरोपी दो हुंडई औरा कारों में आगे-आगे चल रहे थे और रास्ते की निगरानी करते हुए पायलटिंग कर रहे थे।
इधर, सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले की सरिया पुलिस ने भी संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर दोनों हुंडई औरा कारों को रोककर छह आरोपियों को पकड़ा।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उनके पीछे आ रही टाटा सफारी में गांजा रखा हुआ था। इसके बाद रायगढ़ और सारंगढ़-बिलाईगढ़ पुलिस के बीच समन्वय से कार्रवाई को आगे बढ़ाया गया और पूरे तस्करी नेटवर्क का खुलासा हुआ।
इस संयुक्त कार्रवाई में कुल 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 34 पैकेट में रखा कुल 34 किलो 865 ग्राम गांजा बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 17 लाख 43 हजार 200 रुपये बताई गई है।
इसके अलावा टाटा सफारी, दो हुंडई औरा कार, एक स्कूटी और आठ मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 61 लाख 53 हजार 200 रुपये है।
गिरफ्तार आरोपियों में अनिल कुमार चौधरी, गगन कुमार चौधरी, संदीप सिंह, ललित पाल, शुभम सिंह, दीपांशु सिंह, प्रिंस सिंह और देवेंद्र तिवारी शामिल हैं। सभी आरोपी उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों के रहने वाले बताए गए हैं।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ थाना लैलूंगा में एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की है।



