कोरबा। नगर पालिक निगम कोरबा के आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने आज प्रातः भ्रमण के दौरान शहर के विभिन्न स्थलों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने गोकुलनगर स्थित निगम द्वारा संचालित गोठान का जायजा लिया और वहाँ मवेशियों की देखभाल, भूसा, चारा व पानी की उपलब्धता सहित स्वास्थ्य परीक्षण की व्यवस्थाओं की समीक्षा की। आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि गोठान में सभी सुविधाएं निरंतर दुरुस्त रहें तथा मवेशियों की सतत देखभाल सुनिश्चित की जाए।
इसके बाद श्री पाण्डेय ने पम्प हाउस कॉलोनी के समीप नहर किनारे संचालित कम्पोस्ट सेंटर का निरीक्षण किया, जहाँ गीले कचरे से खाद का निर्माण किया जा रहा है। उन्होंने कम्पोस्ट बनाने की प्रक्रिया का अवलोकन करते हुए सेंटर की साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए।
आयुक्त ने कोसाबाड़ी, निहारिका, घंटाघर, बुधवारी, सीएसईबी चौक, पम्प हाउस कॉलोनी और व्हीआईपी रोड सहित कई स्थानों पर साफ-सफाई व्यवस्था की भी समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने स्वच्छता कर्मियों से जानकारी ली और अधिकारियों को निर्देशित किया कि सफाई कार्य में किसी भी प्रकार की कोताही न हो। साथ ही उन्होंने यह सुनिश्चित करने को कहा कि कचरे का स्थल से तुरंत उठाव और परिवहन हो, जिससे वह ज्यादा समय तक स्थल पर जमा न रहे।
भ्रमण के दौरान अपर आयुक्त विनय मिश्रा, अधीक्षण अभियंता सुरेश बरुआ, जोन कमिश्नर अखिलेश शुक्ला, स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय तिवारी सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।


