भिलाई/कोरबा:
भिलाई स्टील प्लांट (BSP) से जुड़े कथित लोहा चोरी और ‘पांडेय कबाड़ी’ के यहाँ गाड़ियां पकड़े जाने के वायरल वीडियो और खबरों पर अब ट्रक-ट्रेलर एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। एसोसिएशन ने इसे पूरी तरह भ्रामक और छवि धूमिल करने की साजिश बताया है।
महासचिव मलकीत सिंह का बयान: “हमारी गाड़ियां बेकसूर”
भिलाई ट्रक-ट्रेलर ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के महासचिव मलकीत सिंह ने सामने आकर स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया पर उनकी एसोसिएशन की गाड़ियों के फोटो और पदाधिकारियों के नाम के साथ जो खबरें फैलाई जा रही हैं, वे पूरी तरह गलत हैं।
* उनकी गाड़ियों से किसी भी प्रकार की लोहा चोरी नहीं हुई है।
* खड़ी गाड़ियों के फोटो खींचकर किसी ने उसे गलत तरीके से वायरल कर दिया है।
* बीएसएसपी से निकलने वाला लोहा पूरी तरह वैध इनवॉइस (चालान) और प्रक्रिया के तहत प्लांट से फैक्ट्रियों तक पहुंचाया जाता है।
* पांडे कबाड़ी के यहाँ उनकी कोई भी गाड़ी लोहा चोरी करते या गिराते हुए नहीं पकड़ी गई है।
कोषाध्यक्ष जोगा राव बोले: “माल पूरी तरह सुरक्षित और वजन के मुताबिक पहुंचा”
एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष जोगा राव ने जानकारी दी कि वायरल फोटो में जिस गाड़ी (CG 08 AZ 7318) का जिक्र किया जा रहा है, वह बीएसएसपी प्लांट से नागपुर की पार्टी का माल लोड करके निकली थी।
* जिस जगह को कबाड़ी का गोदाम या अवैध स्थान बताया जा रहा है, वह असल में सामान्य सड़क का हिस्सा है, जहां ड्राइवर अपनी गाड़ी घर के पास खड़ी करता है।
* संबंधित गाड़ी में लोड किया गया माल पूरी तरह सुरक्षित अपनी मंजिल पर पहुंचा है, जिसका इनवॉइस और कांटा पर्ची (वे-ब्रिज स्लिप) उनके पास मौजूद है।
* उन्होंने आशंका जताई कि किसी सोची-समझी साजिश के तहत उनके व्यवसाय को अस्थिर करने और उन्हें बदनाम करने के लिए यह फर्जीवाड़ा किया गया है।


