जांजगीर-चांपा। दीपावली का त्योहार नजदीक आते ही अवैध पटाखों के भंडारण और बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस की कार्रवाई शुरू हो गई है। बिर्रा पुलिस ने ग्राम बिर्रा में कार्रवाई करते हुए करीब 75 हजार रुपए मूल्य के पटाखे जब्त किए हैं। हालांकि, इस कार्रवाई के बीच जिले के प्रमुख शहरी क्षेत्रों जांजगीर, चांपा और अकलतरा में अवैध पटाखों के भंडारण को लेकर निगरानी और कार्रवाई की प्रभावशीलता पर सवाल उठने लगे हैं।

जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में बिर्रा पुलिस ने रुपेश अग्रवाल निवासी ग्राम बिर्रा के कब्जे से अवैध रूप से रखे पटाखे जब्त किए। मामले में अपराध क्रमांक 147/2026 के तहत विस्फोटक अधिनियम, 1884 की धारा 9(ख) के अंतर्गत कार्रवाई की गई है। उल्लेखनीय है कि बिर्रा में हुई कार्रवाई से अवैध पटाखों के भंडारण के विरुद्ध पुलिस की सक्रियता सामने आई है, लेकिन बड़ा सवाल यह है कि क्या इसी तरह की जांच जिले के प्रमुख व्यापारिक केंद्रों में भी की जा रही है?
जांजगीर, चांपा और अकलतरा जैसे क्षेत्रों में पटाखों के भंडारण, लाइसेंस और सुरक्षा मानकों की जांच कितनी व्यापक है, यह महत्वपूर्ण है। इन प्रमुख शहरों में आबादी वाले इलाकों में नियमों के विरुद्ध पटाखे जमा किए जाते हैं, जिसके कारण आग लगने या विस्फोट जैसी घटना गंभीर नुकसान पहुंचा सकती है। ऐसे में केवल जब्ती की कार्रवाई ही नहीं, बल्कि नियमित निरीक्षण और भंडारण स्थलों की जांच भी जरूरी है।
बहरहाल, अब देखने वाली बात होगी कि दीपावली के मद्देनजर पुलिस की यह कार्रवाई जिले के अन्य प्रमुख बाजारों और शहरी क्षेत्रों तक किस स्तर पर पहुंचती है। त्योहार के दौरान आम लोगों की सुरक्षा के लिए जरूरी है कि जांच और कार्रवाई में किसी क्षेत्र विशेष तक सीमित रहने के बजाय पूरे जिले में समान सख्ती दिखाई दे। बने रहिए अगली खबर में SN इंडिया न्यूज के साथ


