कोरबा/हरदीबाजार। कोरबा जिले में कबाड़ के अवैध कारोबार पर लगाम कसने को लेकर पुलिस प्रशासन द्वारा सख्ती के निर्देश दिए जाने के बावजूद हरदीबाजार क्षेत्र में खुलेआम कबाड़ का कारोबार संचालित होने का मामला सामने आया है। खास बात यह है कि जिस स्थान पर कबाड़ का माल दिखाई दे रहा है, वह हरदीबाजार थाना क्षेत्र में थाने से कुछ ही दूरी पर पेट्रोल पंप के पास बताया जा रहा है।
मौके की स्थिति को देखकर सवाल उठना स्वाभाविक है कि आखिर इतनी नजदीकी जगह पर कबाड़ का कारोबार चल रहा है तो क्या जिम्मेदार विभागों की नजर यहां तक नहीं पहुंच रही है?
वीडियो में दिखाई दे रहे कबाड़ के ढेर और गतिविधियां स्थानीय स्तर पर कई सवाल खड़े कर रही हैं। स्थानीय सूत्रों के मुताबिक यहां से कबाड़ एकत्र कर आगे भेजे जाने की बात कही जा रही है। सूत्रों का यह भी दावा है कि यह कबाड़ हरदीबाजार से सीधे बलौदा क्षेत्र की ओर भेजा जाता है। हालांकि इन दावों की आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है।
स्थानीय लोगों का दावा—दुर्गा नामक व्यक्ति की दुकान बताई जा रही जगह
स्थानीय लोगों के बीच चर्चा है कि यह दुकान दुर्गा नामक व्यक्ति से जुड़ी हुई है। लोगों का कहना है कि वे यहां कबाड़ की खरीद-बिक्री और माल को आगे भेजने की गतिविधि देखते हैं। स्थानीय स्तर पर यह भी चर्चा है कि कबाड़ का माल खरीदकर बलौदा की ओर भेजा जाता है।
इन तमाम दावों के बीच सबसे बड़ा सवाल यही है कि यदि क्षेत्र में लंबे समय से कबाड़ का कारोबार चल रहा है तो क्या इसकी जानकारी स्थानीय पुलिस को है? यदि जानकारी है तो कार्रवाई क्यों नहीं हुई और यदि जानकारी नहीं है तो फिर पुलिस की निगरानी व्यवस्था पर सवाल क्यों न उठें?
कप्तान के निर्देशों के बाद भी हरदीबाजार में इतनी ढील क्यों?
कोरबा जिले में कबाड़ के कारोबार पर नियंत्रण और अवैध गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई को लेकर पुलिस अधीक्षक द्वारा सख्त रुख अपनाने की बात सामने आती रही है। ऐसे में हरदीबाजार जैसे क्षेत्र में थाना क्षेत्र के बेहद करीब कबाड़ का कारोबार दिखाई देना कई सवाल खड़े करता है।
आम लोगों के बीच चर्चा है कि जब जिले में कबाड़ कारोबार को लेकर पुलिस प्रशासन सख्ती की बात कर रहा है, तो हरदीबाजार में कार्रवाई का शिकंजा आखिर क्यों नजर नहीं आ रहा?
क्या कबाड़ कारोबारियों को स्थानीय स्तर पर खुली छूट मिली हुई है?
क्या इस कारोबार की पुलिस को जानकारी नहीं है?
या फिर जानकारी होने के बावजूद कार्रवाई नहीं हो रही है?
इन सवालों का जवाब अब हरदीबाजार थाना पुलिस और संबंधित जिम्मेदार विभाग से अपेक्षित है।
SN इंडिया न्यूज का सवाल—जांच कब होगी?
थाने से कुछ दूरी पर पेट्रोल पंप के पास कबाड़ का कारोबार संचालित होने की सूचना और मौके से सामने आए वीडियो के बाद अब जरूरत है कि जिम्मेदार अधिकारी पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराएं।
यदि कबाड़ का कारोबार वैध है तो संबंधित संचालक के पास आवश्यक दस्तावेज, अनुमति और अन्य वैधानिक कागजात हैं या नहीं, इसकी जांच होनी चाहिए। वहीं यदि जांच में नियमों का उल्लंघन या अवैध गतिविधि सामने आती है तो जिम्मेदारों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जानी चाहिए।
क्योंकि सवाल सिर्फ कबाड़ के कारोबार का नहीं, बल्कि यह भी है कि थाना क्षेत्र में चल रही ऐसी गतिविधियों पर जिम्मेदारों की नजर क्यों नहीं पड़ी?
अब देखना होगा कि हरदीबाजार पुलिस इस मामले को संज्ञान में लेकर जांच करती है या नहीं, और यदि जांच होती है तो कबाड़ के इस कथित कारोबार के पीछे की पूरी तस्वीर सामने आती है या नहीं।
SN इंडिया न्यूज की नजर इस पूरे मामले पर बनी हुई है।


