कोरबा जिले में अवैध महुआ शराब की बिक्री पर रोक लगाने के लिए आबकारी विभाग विशेष अभियान चला रहा है। इसी क्रम में आबकारी वृत्त दीपका की टीम ने तीन अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए 3 आरोपियों को पकड़ा है।
उनके कब्जे से कुल 26.7 लीटर महुआ शराब और 45 किलो महुआ लाहन जब्त किया गया है। विभाग ने तीनों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत कार्रवाई की है।
ज्योतिनगर में 9 लीटर महुआ शराब जब्त
आबकारी विभाग की पहली कार्रवाई दीपका के ज्योतिनगर में हुई। यहां सोमनाथ यादव (26), पिता हरस्वरूप यादव, निवासी ज्योतिनगर दीपका को 9 लीटर महुआ शराब के साथ पकड़ा गया। विभाग के अनुसार, आरोपी का ठिकाना शासकीय मदिरा दुकान से करीब 500 मीटर की दूरी पर है। यहां से वह कथित तौर पर अवैध रूप से महुआ शराब बेच रहा था।
मुड़ापार में दो आरोपियों पर कार्रवाई
दूसरी कार्रवाई हरदीबाजार थाना क्षेत्र के मुड़ापार में की गई। यहां जन सिंह धनवार (37), पिता फिरत राम, निवासी मुड़ापार हरदीबाजार के कब्जे से 9.2 लीटर महुआ शराब और 45 किलो महुआ लाहन बरामद किया गया। विभाग के मुताबिक, आरोपी का ठिकाना हरदीबाजार मदिरा दुकान से करीब 2 किलोमीटर दूर है।
इसी क्षेत्र में की गई तीसरी कार्रवाई में गणेश धनवार (23), पिता कार्तिक राम, निवासी मुड़ापार हरदीबाजार को 8.5 लीटर महुआ शराब के साथ पकड़ा गया। विभाग के अनुसार, वह भी मदिरा दुकान से करीब 2 किलोमीटर की दूरी पर अवैध रूप से शराब बेच रहा था।
दीपमाला लक्षवानी के नेतृत्व में हुई कार्रवाई
तीनों मामलों में कार्रवाई आबकारी उपनिरीक्षक, वृत्त दीपका दीपमाला लक्षवानी के नेतृत्व में की गई। टीम में आबकारी मुख्य आरक्षक दसराम सिदार और आबकारी आरक्षक अभिषेक चौहान भी शामिल रहे।
अवैध शराब के खिलाफ अभियान जारी
आबकारी विभाग के अनुसार, जिले के अलग-अलग वृत्तों में महुआ शराब की अवैध बिक्री के खिलाफ लगातार छापेमारी की जा रही है। दूसरी ओर, अवैध शराब की बिक्री से परेशान जिले की कई महिलाएं समूह में कलेक्ट्रेट पहुंचकर शिकायत कर चुकी हैं। महिलाओं का कहना है कि अवैध शराब के कारण परिवारों और समाज में कई तरह की समस्याएं पैदा हो रही हैं।
आबकारी विभाग ने अवैध शराब के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रखने की बात कही है।


