कोरबा।
जिले के ग्राम पंचायत नकटिखार स्थित उचित मूल्य विक्रय केन्द्र (दुकान क्रमांक 552001060) पर राशन वितरण को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। हितग्राहियों ने यहाँ मिलने वाले चावल को कंकर युक्त और टूटे दाने वाला बताते हुए चावल लेने से इनकार कर दिया।
ग्रामीणों का कहना है कि केंद्र से मिलने वाला चावल इतना खराब गुणवत्ता का होता है कि उसे पहले छांवट कर साफ करना पड़ता है, तभी खाने लायक बनता है। कई हितग्राही तो मजबूरी में उस चावल को बेचकर बाज़ार से बेहतर क्वालिटी का खंडा चावल खरीदकर उपभोग कर रहे हैं।
इस विक्रय केंद्र का संचालन रोशनी तिग्गा द्वारा किया जा रहा है। ग्रामीणों और राशन कार्ड धारकों ने संचालक के समक्ष भी इस समस्या को उठाया, लेकिन अब तक किसी ठोस समाधान की स्थिति नहीं बनी है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से उचित जांच और कार्रवाई की मांग की है ताकि उन्हें सरकार द्वारा तय मानकों के अनुरूप अच्छा और गुणवत्तापूर्ण चावल मिल सके।
👉S.N INDIA NEWS



