गेवरा-दीपका स्कूटी चलाते समय एकाएक डिवाइडर से टकराकर डेयरी व्यापारी को गंभीर चोट पहुंची। अस्पताल ले जाते समय रास्ते में उनकी मौत हो गई। शहर के सिटी कोतवाली के समीप स्थित नंदी डेयरी व दीपका में संचालित अन्नापूर्णा डेयरी के संचालक 80 वर्षीय बद्री गुप्ता मंगलवार को घर से स्कूटी लेकर जरूरी कार्य से निकले थे।
ट्रांसपोर्टनगर क्षेत्र से गुजरते समय वे स्कूटी समेत डिवाइडर से टकरा गए। गंभीर चोट लगने और अधिक खून बहने के कारण वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें अस्पताल ले जाया जा रहा था, इसी दौरान रास्ते में उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर वैधानिक कार्रवाई की। परिजन के मुताबिक प्रत्यक्षदर्शियों को बद्री गुप्ता ने चक्कर आने की वजह से स्कूटी समेत डिवाइडर से टकराना बताया था। बद्री गुप्ता के 2 पुत्र व एक पुत्री में बड़े पुत्र हेमंत की करीब डेढ़ दशक पहले सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी। इसके बाद ब्रदी गुप्ता अपने छोटे पुत्र धर्मेंद्र गुप्ता के साथ डेयरी कारोबार संभाल रहे थे।


