कोरबा। कोरबा जिले में एक महिला ने पड़ोसियों पर अवैध कब्जा, गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता ने कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक और नगर निगम सहित कई विभागों में शिकायत दर्ज कराई है, लेकिन अब तक उसे न्याय नहीं मिलने का आरोप है।
पीड़िता सीता देवी शाह, निवासी लक्ष्मण बन तालाब क्षेत्र, ने बताया कि उनके पड़ोसी दिनेश गुप्ता अपने घर के पीछे अवैध रूप से जमीन पर कब्जा कर रहे हैं। आरोप है कि उन्होंने पुराने नाली को पाटकर मलबा फेंकते हुए रास्ता भी क्षतिग्रस्त कर दिया है।
समझाइश के बाद भी जारी काम
महिला के अनुसार, इस मामले की शिकायत नगर पालिक निगम में की गई थी, जिसके बाद निगम की टीम मौके पर पहुंची और निर्माण कार्य रोकने की समझाइश दी। कुछ दिनों तक काम बंद रहा, लेकिन बाद में फिर से अवैध निर्माण शुरू कर दिया गया।
विरोध करने पर मारपीट और धमकी
पीड़िता ने आरोप लगाया कि 14 अप्रैल को जब उन्होंने मलबा फेंकने से रोका, तो आरोपी दिनेश गुप्ता, उनकी पत्नी ममता गुप्ता और बेटे ने मिलकर उनके साथ मारपीट की। बीच-बचाव करने आई उनकी बेटी को भी पीटा गया। घटना में दोनों को चोटें आई हैं।
महिला का कहना है कि आरोपियों द्वारा उनके बेटे को जान से मारने की धमकी भी दी गई है, जिससे परिवार में भय का माहौल बना हुआ है।
कई स्तर पर शिकायत, फिर भी कार्रवाई नहीं
पीड़िता ने बताया कि इस मामले की शिकायत नगर पालिक निगम कोरबा, कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक और कोतवाली थाना कोरबा में की जा चुकी है। पुलिस मौके पर पहुंचकर समझाइश भी दे चुकी है, लेकिन आरोपियों के खिलाफ ठोस कार्रवाई नहीं होने से महिला न्याय के लिए भटक रही है।
न्याय की मांग
पीड़िता ने जिला प्रशासन से अपील की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और उनके परिवार को सुरक्षा प्रदान की जाए।
यह मामला प्रशासन और पुलिस व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर रहा है। अब देखना होगा कि पीड़ित महिला को कब तक न्याय मिल पाता है।


