मड़वारानी पहाड़/कोरबा | मड़वारानी पहाड़ के खतरनाक घाट मार्ग पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक तेज रफ्तार वाहन का अचानक ब्रेक फेल हो गया और वाहन अनियंत्रित होकर ढलान पर तेजी से नीचे की ओर बढ़ने लगा। कुछ पल के लिए ऐसा लगा मानो बड़ा हादसा होने वाला है, लेकिन चालक की सूझबूझ और साहस से एक बड़ा हादसा टल गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वाहन पहाड़ी मोड़ पर पहुंचते ही नियंत्रण खो बैठा। रास्ता संकरा और घुमावदार होने के कारण स्थिति और भी गंभीर हो गई। चालक ने तुरंत समझदारी दिखाते हुए वाहन को किनारे की ओर मोड़कर किसी तरह रोकने में सफलता हासिल की, जिससे बड़ी जनहानि होने से बच गई।
घटना के समय मार्ग पर अन्य वाहन और राहगीर भी मौजूद थे, जिनमें कुछ देर के लिए दहशत का माहौल बन गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि मड़वारानी पहाड़ का यह मार्ग पहले से ही दुर्घटनाओं के लिए संवेदनशील रहा है। यहां सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं होने के कारण आए दिन खतरा बना रहता है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि घाट मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जाए और चेतावनी संकेत लगाए जाएं।
SN इंडिया न्यूज से जितेन्द्र दास कि रिपोर्ट



