कोरबा शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में मारपीट और एक बच्चे की जान जोखिम में डालकर सवारी के कई वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। इन वीडियो को लेकर लोग अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। इनमें से एक मामले में पुलिस से शिकायत भी की गई है।
पहली घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के कोरबा मुख्य मार्ग स्थित सोनालिया चौक पार्किंग के पास की है। यहां आधा दर्जन से अधिक लोग एक व्यक्ति की बेरहमी से पिटाई करते दिखे। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है।
स्कूली छात्रों का विवाद
बताया जा रहा है कि बालको से कोरबा आए कुछ स्कूली छात्रों का कोरबा के ही एक छात्र से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। इसके बाद उन्होंने उसकी जमकर पिटाई की। यह हंगामा लगभग 15 मिनट तक चला और मारपीट के दौरान अपशब्दों का भी प्रयोग किया गया। राहगीरों ने इस घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया।
मारपीट का शिकार हुए पीड़ित पक्ष ने अपने परिजनों के साथ कोतवाली थाना पहुंचकर पुलिस से शिकायत दर्ज कराई है। कोतवाली थाना प्रभारी एमबी पटेल ने बताया कि मारपीट की शिकायत मिली है और आगे की जांच कार्रवाई की जा रही है।
थार एक्सीडेंट के बाद चालक को पीटा
वहीं, दूसरी घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के मुख्य मार्ग पर हुई, जहां शहर के बीच एक लाल रंग की थार गाड़ी में बैठे बच्चे के सामने ही चालक की पिटाई की जा रही थी। बताया जा रहा है कि यह मारपीट एक सड़क दुर्घटना के बाद हुई। थार वाहन का एक्सीडेंट होने के बाद कुछ लोग आए और चालक को बाहर निकालकर पीटने लगे। इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।
एक्टिवा में बच्चे की खतरनाक सवारी
एक अन्य वीडियो कोतवाली थाना क्षेत्र के बस स्टैंड के पास का है। इसमें एक व्यक्ति एक्टिवा चला रहा है, जिसकी पिछली सीट पर सामान रखा है। सामान के बगल में वाहन के पायदान पर एक मासूम बच्चे को खड़ा किया गया है और एक्टिवा तेज रफ्तार में चल रही है। पीछे से आ रहे एक बाइक सवार युवक ने इस खतरनाक सवारी का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।


















