देवरी–सारागांव सेवा सहकारी समिति कड़ारी के अंतर्गत संचालित शासकीय उचित मूल्य दुकान के उपकेंद्र बघौदा में निरीक्षण के दौरान चावल, शक्कर और नमक के वितरण में भारी अनियमितताएं पाई गईं। जांच में लगभग 400 बोरी (बारदाना) की कमी का खुलासा हुआ।
राशन वितरण में गड़बड़ी की शिकायत पर संस्था प्रभारी दिलीप कुमार बरेठ और समिति अध्यक्ष हीरासाय साहू ने आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण में खाद्य सामग्री में भारी कमी पाई गई। ग्रामीणों की उपस्थिति में पंचनामा तैयार कर 27 अक्टूबर को प्रकरण की जानकारी बम्हनीडीह ब्लॉक खाद्य अधिकारी को दी गई।
29 अक्टूबर को अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) चांपा को भी लिखित शिकायत सौंपी गई, जिसमें दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की गई। शिकायत में उल्लेख है कि बघौदा उपकेंद्र का संचालन धनीराम समीर के अधीन था, जिन्होंने इसकी जिम्मेदारी अन्य व्यक्ति को सौंप रखी थी। इस अनियमित व्यवस्था के चलते शासकीय खाद्य सामग्री में हेराफेरी की संभावना जताई जा रही है। सूत्रों के अनुसार, कुछ माह पूर्व धान खरीदी केंद्र कड़ारी में भी धनीराम समीर के खिलाफ अनियमितता की शिकायत दर्ज हुई थी, जिसकी जांच पूरी हो चुकी है।
शिकायत पर जांच चल रही ^शिकायत मिली है जांच के बाद ही बता पाएंगे कि कितना गड़बड़ी हुई है। – सुनील कुमार विश्वकर्मा, खाद्य अधिकारी, बम्हनीडीह



