जांजगीर-चांपा, 06 अगस्त 2026।जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने और बाहरी व्यक्तियों की पहचान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जांजगीर-चांपा पुलिस ने सघन सत्यापन अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय के निर्देश पर थाना कोतवाली क्षेत्र में दूसरे राज्यों से आकर रह रहे मजदूरों एवं संदिग्ध व्यक्तियों की व्यापक जांच की गई।समय और कैलेंडर
अभियान के दौरान इंडस्ट्रियल एरिया और रेलवे स्टेशन के आसपास काम कर रहे दूसरे राज्यों से आए करीब 150 मजदूरों का पुलिस टीम ने सत्यापन किया। इस दौरान उनके पहचान संबंधी दस्तावेजों की बारीकी से जांच की गई।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यूलैंडन यॉर्क एवं नगर पुलिस अधीक्षक कोतवाली योगिता बाली खापर्डे के मार्गदर्शन में तथा थाना प्रभारी कोतवाली जयप्रकाश गुप्ता के नेतृत्व में पांच अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन किया गया।
करीब 50 पुलिसकर्मियों की टीम ने थाना क्षेत्र के बनारी, पुटपुरा, तिलई और धनवा में किराए के मकानों में रह रहे दूसरे राज्यों, विशेषकर पश्चिम बंगाल से आए मजदूरों एवं अन्य व्यक्तियों की जांच की।
अभियान के दौरान 130 संदिग्ध व्यक्तियों को पूछताछ एवं सत्यापन के लिए पुलिस कंट्रोल रूम लाया गया। यहां प्रत्येक व्यक्ति से अलग-अलग पूछताछ कर उनके पहचान संबंधी दस्तावेजों की जांच एवं सत्यापन किया गया। भविष्य में अपराध नियंत्रण और व्यक्तियों की पहचान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उनके फिंगरप्रिंट भी लिए गए।



