कोरबा, 12 सितंबर 2026। जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन के खिलाफ आबकारी विभाग ने सख्त अभियान चलाया है। कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत के निर्देश पर सहायक आयुक्त आबकारी श्री रविशंकर यादव के नेतृत्व में जिले में लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसके लिए विभाग द्वारा अधिकाधिक मात्रा में अवैध शराब जब्त करने विशेष टीम का गठन किया गया है।
विभाग के अनुसार 1 सितंबर 2026 से 10 सितंबर 2026 तक जिले में 61 आपराधिक प्रकरण दर्ज किए गए। इस दौरान कुल 178.870 लीटर अवैध शराब तथा 325 किलोग्राम शराब बनाने का महुआ लाहन छापामार कार्रवाई में जब्त किया गया। कार्रवाई के बाद 11 आरोपियों को धारा 34(2) के तहत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से सभी को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजा गया। इन प्रकरणों में जब्त शराब का अनुमानित बाजार मूल्य लगभग 40 हजार रुपये आंका गया है।
इन क्षेत्रों में हुई प्रमुख कार्रवाई
1. नगाई, लाफा (पाली) एवं अंडीझाकर (हरदीबाजार):
संतराम पिता नेताराम, शिव शंकर पिता चमरू गोस्वामी, संतोष गोस्वामी पिता शिवशंकर, मनोहर अगरिया पिता महेश एवं रामू जांगड़े पिता स्व. बैसाखू जांगड़े के कब्जे से क्रमशः 8, 12.2, 11.5, 10.2 एवं 41 लीटर, कुल 82.9 लीटर महुआ शराब तथा 285 किलोग्राम महुआ लाहन बरामद किया गया। यह कार्रवाई उपनिरीक्षक श्रीमती दीपमाला लक्ष्वानी द्वारा की गई। आरोपियों को न्यायालय कटघोरा से रिमांड पर जेल भेजा गया।
2. सुतर्रा, मानपुर (कटघोरा) एवं कुदरीघार (उरगा):
छगन नामक व्यक्ति से खरीदी गई 14, 8.7 एवं 22 लीटर, कुल 44.700 लीटर अवैध शराब बरामद की गई। कार्रवाई के बाद आबकारी उपनिरीक्षक श्री सुकांत पाण्डेय ने आरोपी को न्यायालय कटघोरा से रिमांड पर जेल भेजा।
3. बांधपारा जुनवानी क्षेत्र:
शशि प्रसाद पिता रतन सिंह और जयराम पिता स्व. घासीराम को 15.5 एवं 6.5 लीटर अवैध शराब की बिक्री करते हुए रंगे हाथ पकड़ा गया। कार्रवाई उपनिरीक्षक नारायण सिंह कंवर द्वारा की गई। दोनों आरोपियों को कोरबा न्यायालय से अभिरक्षा में जेल दाखिल किया गया।
4. भैसमाखार (कुसमुंडा) एवं रलिया (हरदीबाजार):
धनकुंवर पति दिलेश्वर और परदेशी राम पिता मंगलसिंह को 15.5 एवं 8.5 लीटर अवैध शराब बेचते हुए रंगे हाथ पकड़ा गया। कार्रवाई उपनिरीक्षक श्रीमती जया मेहर द्वारा की गई। दोनों आरोपियों को कटघोरा न्यायालय से अभिरक्षा में जेल दाखिल किया गया।
अवैध शराब पर लगातार जारी रहेगा शिकंजा
आबकारी विभाग की कार्रवाई से स्पष्ट है कि जिले में अवैध शराब के कारोबार पर प्रशासन की नजर बनी हुई है। विभाग द्वारा अलग-अलग क्षेत्रों में छापामार कार्रवाई कर अवैध शराब और महुआ लाहन जब्त किया जा रहा है। प्रशासन का कहना है कि अवैध शराब के निर्माण और बिक्री में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
“नशा मुक्त कोरबा—हमारी सामूहिक जिम्मेदारी”
SN इंडिया न्यूज
कानून का राज मजबूत होगा, अवैध शराब पर प्रहार जारी रहेगा
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.



