बिलासपुर। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो ने पुलिस का ध्यान खींच लिया और देखते ही देखते मामला कार्रवाई तक पहुंच गया। गरबा की वेशभूषा में सिगरेट का सेवन करते हुए तथा हाथ में पिस्टल जैसी वस्तु लेकर वीडियो बनाए जाने के मामले में सिविल लाइन पुलिस ने 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
बताया जा रहा है कि वीडियो को गरबा टिकट और मेकअप के प्रचार-प्रसार के लिए तैयार किया गया था और बाद में इसे Instagram तथा Facebook पर प्रसारित किया गया। वीडियो सामने आने के बाद शिकायत पुलिस तक पहुंची, जिसमें धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं के विपरीत आपत्तिजनक प्रस्तुति किए जाने पर कार्रवाई की मांग की गई।
शिकायत और वीडियो सामग्री के आधार पर थाना सिविल लाइन में अपराध क्रमांक 1390/2026 दर्ज किया गया। पुलिस ने धारा 196, 299 एवं 3(5) बीएनएस के तहत कार्रवाई करते हुए मामले में 9 लोगों को गिरफ्तार किया।
⚠️ लाइक-व्यूज के चक्कर में कानून से खिलवाड़ नहीं
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया पर लाइक, व्यूज और प्रचार हासिल करने के लिए धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक प्रतीकों या हथियारनुमा वस्तुओं का आपत्तिजनक प्रदर्शन करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
सभी आरोपियों के विरुद्ध पृथक से प्रतिबंधात्मक कार्रवाई एवं बाउंड ओवर की प्रक्रिया भी की जा रही है।
बिलासपुर पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया का इस्तेमाल जिम्मेदारी से करें और ऐसी किसी भी सामग्री को बिना सत्यापन आगे प्रसारित न करें, जिससे सामाजिक सौहार्द या कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की स्थिति बने।


