कोरबा जिले के दर्री स्थित लक्ष्मी डेयरी एंड क्रीमरी होटल में नाश्ता करते समय एक ग्राहक को सांभर-चटनी में कीड़ा मिलने का मामला सामने आया है। ग्राहक विनय सिंह ने इसकी शिकायत दुकानदार से की, लेकिन आरोप है कि उसने शिकायत पर ध्यान नहीं दिया।
इसके बाद ग्राहक ने दर्री थाना पुलिस से शिकायत की। सूचना मिलने पर कटघोरा एसडीओपी विजय सिंह राजपूत, दर्री तहसीलदार और दर्री थाना पुलिस की संयुक्त टीम होटल पहुंची और जांच की। इस दौरान फ्रिज में रखे सांभर, वड़े और चटनी में फफूंद मिलने के साथ किचन में गंदगी भी पाई गई।


फ्रिज में रखे खाद्य पदार्थों में मिली फफूंद
जानकारी के अनुसार, विनय सिंह दर्री स्थित लक्ष्मी डेयरी एंड क्रीमरी होटल में नाश्ता करने पहुंचे थे। नाश्ते के दौरान उन्हें सांभर-चटनी में कीड़ा दिखाई दिया। उन्होंने इसकी शिकायत दुकानदार से की, लेकिन सुनवाई नहीं होने पर दर्री थाना में शिकायत दर्ज कराई।

सांभर, वड़े और चटनी में फफूंद लगी मिली
शिकायत के बाद प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची। जांच के दौरान फ्रिज में रखे सांभर, वड़े और चटनी में फफूंद लगी मिली। इसके अलावा सांभर-चटनी में कीड़ा मिलने की बात भी सामने आई। टीम ने होटल की किचन का निरीक्षण किया, जहां काफी गंदगी मिली।

किचन में नहीं मिली सफाई, भड़के अफसर
दर्री तहसीलदार ने बताया कि विनय सिंह के होटल में नाश्ता करने के दौरान कीड़ा मिलने की सूचना पर जांच की गई। निरीक्षण में साफ-सफाई का ध्यान नहीं रखा जाना सामने आया। फ्रिज में सांभर, वड़ा और चटनी रखे हुए थे, जबकि किचन में गंदगी मिली।
उन्होंने बताया कि त्योहारी सीजन को देखते हुए प्रशासन की ओर से शहर के विभिन्न संस्थानों का निरीक्षण किया जा रहा है।

स्थानीय लोगों ने औचक जांच की मांग की
स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार खाद्य प्रतिष्ठानों में खामियां सामने आने के बाद ही कार्रवाई होती है। उनका मानना है कि संबंधित विभाग नियमित रूप से छोटे-बड़े होटलों और खाद्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण करे, तो साफ-सफाई और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता से जुड़ी कई कमियां सामने आ सकती हैं।
न्यू दिल्ली स्वीट्स का वीडियो भी हुआ था वायरल
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले कोरबा के निहारिका स्थित न्यू दिल्ली स्वीट्स में टॉयलेट में बर्तन धोने का वीडियो वायरल हुआ था। इसके बाद खाद्य विभाग ने कार्रवाई की थी। अब लक्ष्मी डेयरी एंड क्रीमरी होटल में खाद्य पदार्थों और साफ-सफाई को लेकर सामने आए मामले के बाद त्योहारी सीजन में खाद्य सुरक्षा विभाग की निगरानी पर सवाल उठ रहे हैं।


