कोरबा (SN इंडिया न्यूज)। रजगामार में सात वर्षीय बच्ची के साथ हुई दर्दनाक घटना के बाद टीपी नगर में दिए गए अपने बयान को लेकर भाजपा नेत्री एवं समाजसेवी कविता सोनी ने सार्वजनिक रूप से खेद व्यक्त करते हुए माफी मांगी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि घटना की संवेदनशीलता और मौके पर मौजूद माहौल के कारण वह भावनात्मक रूप से विचलित थीं और इसी दौरान उनके मुंह से ऐसे शब्द निकल गए, जिनका उन्हें अब गहरा अफसोस है।
कविता सोनी ने कहा कि घटना के बाद जब वह टीपी नगर पहुंचीं तो वहां का माहौल बेहद भावुक और पीड़ादायक था। पीड़ित परिवार के प्रति लोगों की संवेदनाएं और घटनाक्रम को लेकर हो रही बातचीत ने उन्हें भीतर तक प्रभावित किया। इसी भावनात्मक परिस्थिति में उनके द्वारा कही गई कुछ बातें मर्यादा के अनुरूप नहीं थीं।
उन्होंने कहा कि एक महिला और मां होने के नाते वह शब्दों की गरिमा और अपनी सामाजिक जिम्मेदारी को समझती हैं। यदि उनके बयान से किसी व्यक्ति, समाज या परिवार की भावनाएं आहत हुई हैं तो वह उसके लिए दिल से क्षमा मांगती हैं।
उन्होंने विशेष रूप से रजगामार की पीड़ित बच्ची के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि उनका उद्देश्य किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाना नहीं था। उन्होंने पीड़ित परिवार से नतमस्तक होकर माफी मांगी और भरोसा दिलाया कि भविष्य में ऐसी परिस्थिति में शब्दों की मर्यादा और अधिक सावधानी के साथ रखी जाएगी।
घटना को लेकर पहले से ही क्षेत्र में गहरा आक्रोश और संवेदनशील माहौल है। ऐसे में कविता सोनी की सार्वजनिक माफी को अपने बयान पर उठे विवाद को शांत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

