जांजगीर-चांपा़ SN india News। जिले के पामगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कुटरा एक बार फिर अवैध शराब कारोबार को लेकर चर्चा में है। ग्रामीणों की शिकायतों के अनुसार, गांव में देशी, विदेशी और महुआ शराब की अवैध बिक्री का कारोबार लंबे समय से संचालित होने की बात सामने आ रही है। आरोप है कि गांव के कुछ चिन्हित घरों से शराब की बिक्री की जा रही है, लेकिन बार-बार शिकायतों के बावजूद इस गतिविधि पर प्रभावी अंकुश नहीं लग पा रहा है। इससे आबकारी विभाग और स्थानीय पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े होने लगे हैं।
ग्रामीणों से मिल रही शिकायतों में जितेन्द्र, शैलेन्द्र, विजय और नरेश समेत कुछ अन्य लोगों के नाम सामने आने की बात कही जा रही है। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि इन लोगों के घरों से अलग-अलग प्रकार की शराब की बिक्री की जाती है। कुछ माह पूर्व में पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पामगढ़ थाना पुलिस ने गांव पहुंचकर अवैध रूप से शराब बेचने वाले संबंधित लोगों को बुलवाकर चेतावनी जरूर दी थी मगर, किसी के विरूद्ध भी ठोस कार्रवाई नहीं की गई। इस वजह से कुटरा गांव में अवैध शराब का कारोबार थमने का नाम ही नहीं ले रहा है। ऐसे में पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और वास्तविक स्थिति स्पष्ट करना प्रशासन की जिम्मेदारी है।
बार-बार शिकायत, फिर भी कार्रवाई का इंतजार
स्थानीय लोगों का कहना है कि ग्राम कुटरा में अवैध शराब बिक्री को लेकर केवल एक-दो बार नहीं, बल्कि कई बार शिकायतें की जा चुकी हैं। जिला प्रशासन, पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों और आबकारी विभाग तक मामले की जानकारी पहुंचाने का दावा किया जा रहा है। इतना ही नहीं, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में भी शिकायत किए जाने की बात सामने आई है। इसके बावजूद शिकायतकर्ताओं के मुताबिक गांव में अवैध शराब बिक्री पर कोई ऐसी प्रभावी कार्रवाई नजर नहीं आई, जिससे इस कारोबार पर पूरी तरह अंकुश लग सके। ग्रामीणों का सवाल है कि जब लगातार शिकायतें अधिकारियों तक पहुंच रही हैं तो फिर संबंधित ठिकानों पर नियमित जांच और कार्रवाई क्यों नहीं हो रही है? यदि शिकायतें गलत हैं तो प्रशासन जांच कर स्थिति स्पष्ट करे और यदि उनमें सच्चाई है तो जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाए।
अवैध कारोबारियों को संरक्षण मिलने के आरोप
इस पूरे मामले में सबसे गंभीर सवाल आबकारी और पुलिस विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों एवं कर्मचारियों की भूमिका को लेकर उठ रहे हैं। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि बार-बार सूचना दिए जाने के बाद भी अपेक्षित कार्रवाई नहीं होना कहीं न कहीं अवैध शराब कारोबारियों को अप्रत्यक्ष रूप से संरक्षण मिलने की आशंका पैदा करता है। हालांकि, किसी अधिकारी या कर्मचारी की मिलीभगत अथवा संरक्षण की अभी कोई आधिकारिक पुष्टि सामने नहीं आई है। ऐसे आरोपों की जांच आवश्यक है। यदि किसी क्षेत्र में लंबे समय से अवैध शराब बिक्री की शिकायतें मिल रही हैं और इसके बावजूद संबंधित ठिकानों पर कार्रवाई नहीं हो रही है तो यह विभागीय निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल खड़े करता है। प्रशासन को यह स्पष्ट करना चाहिए कि शिकायतों पर अब तक क्या कार्रवाई की गई, कितने स्थानों की जांच हुई और किन कारणों से अपेक्षित परिणाम सामने नहीं आए।
पहले भी सामने आ चुका है अवैध शराब का मामला
ग्राम कुटरा में अवैध शराब से जुड़ा मामला पहले भी पुलिस कार्रवाई के दौरान सामने आ चुका है। जून 2025 में कुटरा निवासी विजय कुमार कश्यप के कब्जे से 9 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद होने की खबर समाचार पत्रों में प्रकाशित हुई थी। इस मामले में पामगढ़ पुलिस ने आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई कर आरोपी को गिरफ्तार किया था। इससे स्पष्ट है कि गांव में अवैध महुआ शराब से संबंधित मामला पहले भी पुलिस कार्रवाई के दायरे में आ चुका है। हालांकि, पुराने प्रकरण को वर्तमान में लगाए जा रहे आरोपों का प्रमाण नहीं माना जा सकता।
अब कलेक्टर और एसपी से हस्तक्षेप की अपेक्षा
ग्राम कुटरा में अवैध शराब बिक्री को लेकर उठ रहे सवालों के बीच अब जिला प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से निष्पक्ष जांच की अपेक्षा की जा रही है। जरूरत है कि पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम गठित कर शिकायत में बताए गए स्थानों की जांच करे। यदि अवैध शराब का भंडारण या बिक्री पाई जाती है तो संबंधित लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए। इसके साथ ही मुख्यमंत्री हेल्पलाइन और अन्य माध्यमों से प्राप्त पुरानी शिकायतों का रिकॉर्ड खंगालकर यह भी स्पष्ट किया जाना चाहिए कि उन पर अब तक क्या कार्रवाई हुई है। शिकायतों के निराकरण में लापरवाही सामने आने पर संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी भी तय की जानी चाहिए।
योजनाबद्ध तरीके से शीघ्र की जाएगी कार्रवाई
ग्राम कुटरा में अवैध शराब की बिक्री को लेकर मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लिया जा रहा है। पुलिस द्वारा योजनाबद्ध तरीके से शीघ्र कार्रवाई की जाएगी। अवैध गतिविधियों को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
-विजय कुमार पाण्डेय, पुलिस अधीक्षक, जांजगीर-चांपा


