छत्तीसगढ़ में धान खरीदी महाअभियान के बीच बिलासपुर जिले से आगजनी की एक गंभीर घटना सामने आई है। मस्तूरी क्षेत्र के गोधाडीह धान उपार्जन केंद्र में अज्ञात तत्वों ने आग लगा दी, जिससे धान खरीदी के लिए रखे गए 5500 बारदाने जलकर राख हो गए। घटना के बाद सहकारिता विभाग और स्थानीय प्रशासन में हड़कंप मच गया है। मामले में पुलिस जांच शुरू कर दी गई है। – दरअसल, पूरा मामला मस्तूरी क्षेत्र के लोहर्सी सहकारी समिति के अंतर्गत संचालित गोधाडीह धान उपार्जन केंद्र का है। जानकारी के मुताबिक रविवार देर रात समिति परिसर में रखे बारदानों में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने कई बारदानों को अपनी चपेट में ले लिया।

बताया जा रहा है कि उपार्जन केंद्र को कुल 30 गठान बारदाने जारी किए गए थे। प्रत्येक गठान में 500 बारदाने रखे थे। इनमें से 11 गठानों के कुल 5500 बारदाने आग की चपेट में आकर पूरी तरह जल गए। वहीं शेष बारदाने सुरक्षित बच गए।
वीओ – घटना की जानकारी मिलने के बाद विभागीय अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। प्रारंभिक तौर पर आगजनी के पीछे शरारती तत्वों का हाथ होने की आशंका जताई जा रही है। वहीं मौके की परिस्थितियों के आधार पर बारदानों में पेट्रोल डालकर आग लगाए जाने की भी आशंका व्यक्त की गई है। हालांकि आग लगने के वास्तविक कारणों का खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा।
– धान खरीदी का सीजन शुरू होते ही उपार्जन केंद्र में इस तरह की आगजनी की घटना ने केंद्रों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए अधिकारियों ने समिति प्रबंधन को पुलिस थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। अब देखना होगा कि इस आगजनी के पीछे कौन है और जांच में क्या खुलासा होता है।

