बिलासपुर। सिरगिट्टी क्षेत्र में कबाड़ कारोबार से जुड़े एक गोदाम पर पुलिस की दबिश के बाद कई गंभीर सवाल सामने आए हैं। गोदाम में बिना नंबर के वाहन, अलग-अलग गाड़ियों की नंबर प्लेट, कटे हुए चेसिस और गैस कटर से वाहन काटने की गतिविधियों की जानकारी मिलने के बाद अब इस कारोबार की वास्तविक प्रकृति को लेकर संदेह गहराने लगा है। मामला केवल कबाड़ के स्टॉक और दस्तावेजों तक सीमित नहीं दिख रहा, बल्कि जांच के दायरे में वाहनों के स्रोत और उनकी पहचान भी आ सकती है।
एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देश पर सिरगिट्टी पुलिस ने तिफरा रेल लाइन के समीप CSIDC की जमीन पर संचालित कबाड़ गोदाम में कार्रवाई की। पुलिस के पहुंचने पर परिसर में बड़ी मात्रा में कबाड़ और करीब चार ट्रक माल लोड मिला। पुलिस लोड वाहनों को अपने साथ थाने ले गई। गोदाम में फैले हजारों टन कबाड़ के बीच कई वाहन बिना नंबर के खड़े पाए गए, वहीं कुछ वाहनों के दूसरे जिलों से संबंधित होने की जानकारी भी सामने आई।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने गोदाम संचालकों से कबाड़ की खरीदी-बिक्री से संबंधित बिल और वैध दस्तावेज मांगे। बताया गया कि कई घंटे बीतने के बाद भी कारोबारी संतोषजनक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। ऐसे में कबाड़ कहां से लाया जा रहा था, किसके माध्यम से खरीदा जा रहा था और आगे किसे बेचा जा रहा था, इन सवालों का जवाब जांच के जरिए तलाशना जरूरी हो गया है।
### कबाड़ के बीच नंबर प्लेट और कटे चेसिस, जांच का विषय
गोदाम में दोपहिया वाहनों के पुर्जे, विभिन्न वाहनों की नंबर प्लेट, घिसे हुए चेसिस नंबर और बड़े वाहनों की कटी चेसिस मिलने की जानकारी सामने आई है। मौके पर एक वाहन को गैस कटर से काटे जाने की बात भी बताई जा रही है। इन परिस्थितियों ने इस आशंका को जन्म दिया है कि कहीं यहां ऐसे वाहनों के पुर्जों को भी कबाड़ के रूप में खपाया तो नहीं जा रहा, जिनकी पहचान संदिग्ध हो।
हालांकि, अभी चोरी के वाहनों से गोदाम का संबंध स्थापित नहीं हुआ है। इस पहलू की पुष्टि के लिए वाहन नंबर, चेसिस नंबर, नंबर प्लेट और बरामद पुर्जों का दूसरे जिलों की पुलिस के रिकॉर्ड से मिलान किया जाना महत्वपूर्ण होगा। जांच के बाद ही तस्वीर साफ हो सकेगी कि यहां सामान्य कबाड़ कारोबार चल रहा था या किसी अन्य गतिविधि की भी भूमिका थी।
### दस्तावेजों के अभाव ने खड़े किए सवाल
बताया जा रहा है कि छोटे वाहनों के जरिए विभिन्न क्षेत्रों से कबाड़ लाकर गोदाम में जमा किया जाता है, जिसके बाद बड़ी गाड़ियों से इसे रायपुर की फैक्ट्रियों तक भेजा जाता है। यदि कारोबार नियमित और वैध तरीके से संचालित हो रहा है, तो कबाड़ की खरीद, परिवहन और बिक्री से जुड़े रिकॉर्ड उपलब्ध होना अपेक्षित है। पुलिस की कार्रवाई के दौरान दस्तावेज प्रस्तुत करने में हुई देरी ने जांच की जरूरत को और बढ़ा दिया है।
### GST विभाग भी पहुंचा मौके पर
पुलिस कार्रवाई की जानकारी मिलने के बाद GST विभाग की टीम भी गोदाम पहुंची और दस्तावेजों की जांच की बात कही। लेकिन मौके पर तत्काल किसी ठोस कार्रवाई की जानकारी सामने नहीं आई। हजारों टन कबाड़ के स्टॉक, खरीद के स्रोत, कारोबार के मूल्य और टैक्स संबंधी रिकॉर्ड की जांच अब अहम मानी जा रही है।
कबाड़ के परिवहन में लागू नियमों, बिलों, ई-वे बिल और टैक्स रिकॉर्ड की जांच से कारोबार की वास्तविक स्थिति सामने आ सकती है। यदि किसी तरह की कर संबंधी अनियमितता पाई जाती है, तो संबंधित कानून के तहत कार्रवाई की जा सकती है।
### CCTV फुटेज से सामने आ सकती है पुरानी गतिविधियां
गोदाम में लगे CCTV कैमरे भी जांच के लिए महत्वपूर्ण साबित हो सकते हैं। फुटेज के जरिए वाहनों की आवाजाही, कबाड़ लाने वाले लोगों, परिवहनकर्ताओं और कारोबार से जुड़े अन्य व्यक्तियों की जानकारी जुटाई जा सकती है। पुलिस यदि पुराने रिकॉर्ड और उपलब्ध फुटेज का विस्तृत परीक्षण करती है, तो जांच को आगे बढ़ाने में मदद मिल सकती है।
अब सवाल यह है कि सिरगिट्टी के इस कबाड़ गोदाम की जांच सिर्फ जब्त वाहनों और दस्तावेजों तक सीमित रहेगी या फिर कबाड़ के स्रोत से लेकर परिवहन और अंतिम खरीदारों तक पूरे कारोबार की कड़ियां जोड़ी जाएंगी। कटे चेसिस, अलग-अलग नंबर प्लेट और बिना नंबर के वाहनों की मौजूदगी ने मामले को गंभीर बना दिया है। जांच की दिशा और उसके नतीजों पर अब लोगों की नजरें टिकी हैं।
बने रहिए हमारी अगली ख़बर में







