कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में व्यापारिक साझेदारी से जुड़े धोखाधड़ी और कूटरचित दस्तावेज तैयार करने का गंभीर मामला सामने आया है। एक कारोबारी ने अपने ही पारिवारिक व्यवसाय में कथित रूप से फर्जी स्टाम्प और पार्टनरशिप डीड तैयार कर हिस्सेदारी हड़पने तथा फर्म पर कब्जा करने का आरोप लगाया है। मामले में सिविल लाइन थाना कोरबा पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया है।
पुलिस में दर्ज FIR के अनुसार, शिकायतकर्ता रमेश कुमार अग्रवाल ने आरोप लगाया है कि वर्ष 2009-10 के दौरान पुरुषोत्तम गुप्ता, सरोज गुप्ता, वित्तीय सलाहकार एस.के. अग्रवाल और सीए सुरेश अग्रवाल ने कथित तौर पर कूटरचित स्टाम्प एवं दस्तावेज तैयार कर फर्म की साझेदारी में बदलाव किया। शिकायतकर्ता का कहना है कि उनके पिता केवल राम अग्रवाल के निधन के बाद वर्ष 2007 में फर्म मेसर्स पुरुषोत्तम गुप्ता में पुरुषोत्तम गुप्ता की 55 प्रतिशत, रमेश अग्रवाल की 40 प्रतिशत और अशोक अग्रवाल की 5 प्रतिशत हिस्सेदारी निर्धारित थी।
आरोप है कि वर्ष 2010-11 के बाद से उन्हें फर्म की आय और व्यवसाय का हिसाब देना बंद कर दिया गया। इसके बाद आरटीआई के माध्यम से प्राप्त दस्तावेजों और बैंक से मिली जानकारी में सामने आया कि 29 अप्रैल 2011 को तीनों साझेदारों का संयुक्त बैंक खाता बंद कर दिया गया था। शिकायतकर्ता का दावा है कि उनकी सहमति और जानकारी के बिना कथित रूप से नए दस्तावेजों के आधार पर पुरुषोत्तम गुप्ता और सरोज गुप्ता के नाम से नया खाता खुलवाया गया और फर्म के कारोबार पर कब्जा कर लिया गया।
शिकायत में फर्जी स्टाम्प के इस्तेमाल को लेकर भी कई गंभीर सवाल उठाए गए हैं। रमेश अग्रवाल के अनुसार, पार्टनरशिप डीड में इस्तेमाल किए गए 500 रुपये के दो स्टाम्प क्रमांक A641907 और A641908 पर 22 मार्च 2009 की बिक्री दर्ज है, जबकि आरटीआई से मिली जानकारी के मुताबिक संबंधित स्टाम्प वेंडर के बिक्री रजिस्टर में उस दिन इन स्टाम्पों की बिक्री का कोई रिकॉर्ड नहीं मिला। इसके अलावा स्टाम्प पर दर्ज उप कोषालय की 15 मार्च 2009 की मुहर को लेकर भी आपत्ति जताई गई है। शिकायतकर्ता ने बताया कि संबंधित तारीख रविवार और शासकीय अवकाश का दिन था तथा उप कोषालय से प्राप्त जानकारी में उस दिन स्टाम्प जारी किए जाने का रिकॉर्ड नहीं मिला।
शिकायतकर्ता ने यह भी दावा किया है कि छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी (CSPDCL) में 15 अप्रैल 2010 को ठेकेदारी पंजीयन के लिए प्रस्तुत दस्तावेजों में पुरुषोत्तम गुप्ता के साथ रमेश अग्रवाल और अशोक अग्रवाल के नाम साझेदार के रूप में दर्ज थे। ऐसे में वर्ष 2009 की कथित नई पार्टनरशिप डीड और बाद के दस्तावेजों को लेकर सवाल खड़े किए गए हैं।
इस पूरे मामले में रमेश अग्रवाल ने पुलिस अधीक्षक कोरबा के समक्ष शिकायत प्रस्तुत कर दस्तावेजों की जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। शिकायत के आधार पर सिविल लाइन थाना कोरबा में 26 नवंबर 2026 को FIR क्रमांक 0994 दर्ज की गई है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 338, 340(2), 336(3) एवं 3(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है।
फिलहाल मामले में लगाए गए आरोपों की पुलिस जांच और दस्तावेजों की सत्यता का परीक्षण किया जाना बाकी है। आरोपियों का पक्ष सामने आने के बाद ही मामले की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।


