सूरजपुर। जिले के प्रतापपुर में जुआ कारोबार को लेकर पुलिस महकमे में बड़ी कार्रवाई हुई है। जुआ खेलने और खिलवाने के मामले में स्थानीय पुलिसकर्मियों की कथित संलिप्तता सामने आने के बाद पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल ने सख्त कदम उठाते हुए थाना प्रभारी सहित पांच पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। इस कार्रवाई से पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है।
मामले की शुरुआत 27 नवंबर को हुई, जब प्रतापपुर बस स्टैंड के समीप बड़े पैमाने पर जुआ संचालित होने की सूचना पुलिस अधीक्षक तक पहुंची। सूचना को गंभीरता से लेते हुए एसपी ने जिला स्तरीय टीम को मौके पर भेजकर छापेमारी कराई। कार्रवाई के दौरान सात जुआरी पकड़े गए। इनके पास से 99 हजार 600 रुपये नकद, 52 पत्ती ताश, सात मोबाइल फोन सहित अन्य सामग्री जब्त की गई।
छापेमारी के दौरान जुआ फड़ के संचालन को लेकर चौंकाने वाली जानकारी सामने आई। प्रारंभिक जांच में प्रतापपुर निवासी जयभगवान अग्रवाल द्वारा स्थानीय पुलिसकर्मियों के साथ कथित सांठगांठ कर जुआ खिलवाए जाने की बात सामने आई। इसके बाद थाना प्रतापपुर के अधिकारी-कर्मचारियों की भूमिका जांच के दायरे में आ गई।
इन पांच पुलिसकर्मियों पर हुई कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक के आदेश पर थाना प्रभारी निरीक्षक दिनेश पुरैना, उप निरीक्षक विवेक खलखो, आरक्षक राजेश तिवारी, आरक्षक भीमेश रामो और आरक्षक राजकुमार पासवान को निलंबित कर रक्षित केंद्र सूरजपुर संबद्ध कर दिया गया है।
आदेश में स्पष्ट किया गया है कि निलंबन अवधि के दौरान संबंधित अधिकारी-कर्मचारी सक्षम अधिकारी की पूर्व लिखित अनुमति के बिना मुख्यालय नहीं छोड़ सकेंगे। इस अवधि में उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता ही देय होगा।
अब उठ रहे जवाबदेही के सवाल
इस पूरे घटनाक्रम ने थाना क्षेत्र में संचालित अवैध गतिविधियों पर स्थानीय पुलिस की निगरानी और जवाबदेही को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। जिला स्तरीय टीम की कार्रवाई के बाद पांच पुलिसकर्मियों पर हुई निलंबन की कार्रवाई को पुलिस महकमे में अनुशासन और जवाबदेही के लिहाज से अहम माना जा रहा है।


