कोरबा पत्नी के चरित्र पर शंका करके विवाद करने व नशे में आए दिन मारपीट करने वाले पिता की उसके नाबालिग बेटे ने हत्या कर दी। मामले में पुलिस आरोपी किशोर को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
घटना करतला थाना के प्रधानपारा गांव की है। जहां निवासरत धनीराम यादव (40) अपनी पत्नी के चरित्र पर शंका करता था। आए दिन वह शराब पीकर घर पहुंचता और विवाद करते हुए पत्नी से गाली-गलौज व मारपीट करता था। जिससे उसका नाबालिग बेटा परेशान था। मना करने पर भी पिता की आदत में सुधार नहीं हो रहा था।
शुक्रवार की शाम धनीराम शराब के नशे में घर पहुंचा और पत्नी से झगड़ा करते हुए मारपीट करने लगा। इस दौरान घर में मौजूद नाबालिग बेटे ने गुस्से में आकर फावड़ा से पिता पर हमला कर दिया। सिर पर गंभीर चोट लगने से पिता की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही करतला पुलिस मौके पर पहुंची। जहां मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। वहीं आरोपी नाबालिग पुत्र को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। घटना के बारे में उससे पूछताछ की जा रही है। त्योहार के सीजन में बेटे द्वारा पिता की हत्या से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।


