कोरबा/पाली:- ग्राम पंचायत पोलमी में पिछले 15 दिनों से चल रहा सियासी घमासान आज जनपद पंचायत पाली में आकर थम गया। सरपंच सुशील कुमार जगत के विरुद्ध उपसरपंच और पंचों द्वारा लाए गए अविश्वास प्रस्ताव पर आज 1 अक्टूबर को विहित प्राधिकारी की मौजूदगी में मतदान हुआ। जहां सरपंच की कुर्सी बच गई
जनपद पंचायत कार्यालय भवन में सुबह 10 बजे से शुरू हुई इस विशेष सम्मिलन में कुल 21 मत पड़े। इसमे सरपंच के पक्ष में 6 मत तो अविश्वास प्रस्ताव के पक्ष में (सरपंच के विरुद्ध) 14 मत हासिल हुए। नियमानुसार अविश्वास प्रस्ताव पारित होने के लिए निर्धारित बहुमत से एक मत कम रहने के कारण सरपंच की कुर्सी बच गई है। ज्ञात हो कि बीते 15 सितंबर को उपसरपंच शिवनारायण यादव सहित 20 पंचों ने सरपंच सुशील कुमार जगत पर विकास कार्यों में भेदभाव, पंचायत फंड के दुरुपयोग, ठेकेदारी से घटिया निर्माण, बैठक न बुलाने, गाली- गलौज और शराबखोरी जैसे 7 गंभीर आरोप लगाते हुए एसडीएम पाली रोहित कुमार सिंह के न्यायालय में शिकायत दर्ज कराई थी। जिस पर एसडीएम ने पत्र क्रमांक 2333 दिनांक 24 सितंबर 26 के तहत आज की तिथि में सम्मिलन आहूत किया था और दोपहर में मतदान का परिणाम आते ही जनपद पंचायत कार्यालय परिसर में मौजूद पोलमी के ग्रामीणों और सरपंच समर्थकों में उत्साह की लहर दौड़ गई। समर्थकों ने एक- दूसरे को गुलाल लगाकर खुशियां बांटी और मुह मीठा कराकर सरपंच का स्वागत किया। वहीं अविश्वास प्रस्ताव लाने वाले पंचों का कहना है कि उन्होंने लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखी, अब जो फैसला आया है वह उन्हें मंजूर है, लेकिन वे गांव के विकास के मुद्दे पर अपनी आवाज उठाते रहेंगे।


