कोरबा| बिस्तर पर चढ़े करैत सांप ने वहां सो रही युवती को डस लिया। परिजन ने उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी मौत हो गई। घटना दर्री थाना अंतर्गत अटल आवास में मंगलवार-बुधवार की दरम्यानी रात हुई, जहां निवासरत एक परिवार की 18 वर्षीय युवती करिश्मा खैरवार बिस्तर पर सो रही थी। देर रात उसके बिस्तर पर करैत सांप चढ़ गया।
पहली बार डसने पर युवती को किसी कीड़े के काटने जैसा अहसास हुआ और वह िफर सो गई। दोबारा फिर वैसा ही हुआ तो उसने ध्यान नहीं दिया, लेकिन तीसरी बार डसने पर वह उठी तो बिस्तर पर सांप लिपटा हुआ नजर आया, जिसे देखकर उसकी चीख निकल गई। परिजन जागे तो सांप को देखकर उसे डिब्बे में रख लिया। युवती को अस्पताल ले जाने 108 में कॉल किया गया, लेकिन 1 घंटे तक एंबुलेंस बताए गए पते पर नहीं पहुंची। परिजन निजी वाहन कर युवती को लेकर मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचे। उसे भर्ती कर उपचार शुरू किया गया, लेकिन शरीर में जहर फैल जाने की वजह से उसकी मौत हो गई।




















