कोरबा
ट्रांसपोर्ट नगर बायपास पर स्वालंबन योजना के तहत बनी दुकानों के सामने गंदगी होने से व्यवसायी परेशान हैं। जोन कार्यालय 100 मीटर की दूरी पर होने के बाद भी अफसर भी नहीं देखते हैं। दुकानों के सामने मिट्टी और कचरे का ढेर लगा हुआ है। पानी का जमाव भी हो रहा है।
नगर निगम ने 15 साल पहले मुख्यमंत्री स्वावलंबन योजना के साथ अन्य योजनाओं के तहत दुकानें आवंटित की है। इस मार्ग पर 24 घंटे भारी वाहनों का दबाव रहता है। गैरेज भी संचालित है, लेकिन दुकानों के सामने सफाई नहीं हो रही है। निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय लगातार स्वच्छता पर जोर दे रहे हैं, लेकिन यहां इसका असर देखने को नहीं मिल रहा है।
व्यवसायी जोगिंदर सिंह का कहना है कि सड़क की सफाई तो दूर किनारे में मिट्टी को भी नहीं हटाया जाता। बारिश के समय मिट्टी दुकानों के सामने जमा हो गया है। मुकेश सोनी ने बताया कि भारी वाहन किनारे में खड़ी कर देते हैं। इससे भी परेशानी होती है। इम्तियाज, बबलू और सरवन ने बताया कि गंदगी के कारण दुकानों में कोई आना नहीं चाहता। सड़क किनारे कीचड़ होने से सभी परेशान हैं। अभी सड़क में डिवाइडर लगाया जा रहा है। निगम प्रशासन को सफाई के लिए ध्यान देना चाहिए। सड़क के दोनों और लंबे समय से सफाई बंद है।
सफाई क्यों नहीं हो रही दिखवाता हूं: अपर आयुक्त निगम के अपर आयुक्त विनय मिश्रा का कहना है कि स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। टीपी नगर में अगर सफाई नहीं हो रही है तो इसकी जानकारी ली जाएगी। बायपास पर जल्द सफाई कराई जाएगी।



