कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां नगर सेना के अधीन कार्यरत एक दमकल कर्मी ने मोबाइल लूट की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने मामले में तत्परता दिखाते हुए आरोपी दमकल कर्मी को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं इस घटना में एक मोबाइल दुकान संचालक को भी आरोपी बनाया गया है।
युवती से छीना मोबाइल
मामला सीएसईबी चौकी क्षेत्र का है। जानकारी के अनुसार, पोड़ीबहार निवासी आकाश शुक्ला, जो नगर सेना में दमकल कर्मी के पद पर पदस्थ है, शनिवार शाम को वारदात को अंजाम दिया। बताया गया कि एक युवती स्कूटी से घंटाघर से बुधवारी होते हुए सीएसईबी चौकी की ओर आ रही थी। इस दौरान उसने स्कूटी खड़ी कर मोबाइल पर बातचीत शुरू की। तभी आरोपी आकाश शुक्ला ने मौका पाकर उसका मोबाइल छीन लिया और फरार हो गया।
मोबाइल दुकानदार पर भी कार्रवाई
युवती की शिकायत के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी दमकल कर्मी को गिरफ्तार कर लिया। जांच के दौरान पुलिस ने पाया कि आरोपी ने लूटे गए मोबाइल को स्थानीय दुकान में बेचा है। जिसके बाद उस मोबाइल दुकानदार को भी इस मामले में आरोपी बनाया गया है।
फिलहाल पुलिस ने दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।




