कोरबा/बिलासपुर, 12 अक्टूबर 2025। कोरबा जिले के पत्रकारों के लिए राहत और गर्व की खबर सामने आई है। अब अधिमान्यता आवेदन पहचान की कमी या औपचारिक त्रुटियों के कारण अमान्य नहीं होंगे। छत्तीसगढ़ शासन ने पत्रकारों की अधिमान्यता और कल्याण के लिए गठित संभागीय अधिमान्यता समिति (बिलासपुर संभाग) में कोरबा के वरिष्ठ पत्रकार कृष्ण कुमार राठौर को सदस्य के रूप में नामांकित किया है।
शासन की ओर से यह आदेश 10 अक्टूबर 2025 को जारी किया गया है और इसका राजपत्र में प्रकाशन भी हो चुका है। बिलासपुर संभाग के लिए गठित इस समिति में कुल 9 सदस्य शामिल हैं, जिनमें कोरबा जिले से एकमात्र प्रतिनिधि के रूप में कृष्ण कुमार राठौर का चयन हुआ है।
यह उपलब्धि कोरबा पत्रकारिता जगत के लिए सम्मान और गर्व की बात है। कृष्ण कुमार राठौर न केवल कोरबा प्रेस क्लब के सम्माननीय सदस्य हैं, बल्कि वे छत्तीसगढ़ श्रमजीवी पत्रकार संघ के कोरबा जिलाध्यक्ष भी रह चुके हैं। वे लंबे समय से प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया दोनों में सक्रिय हैं और अपनी निष्पक्ष रिपोर्टिंग, मिलनसार स्वभाव और तत्परता के कारण पत्रकारों के बीच अत्यंत लोकप्रिय हैं।
पत्रकारिता में दशकों के अनुभव के साथ वे हमेशा जनहित के मुद्दों पर मुखर रहे हैं। पत्रकार साथियों में उनका नाम भरोसे और सहयोग के प्रतीक के रूप में लिया जाता है। उम्मीद है कि उनके समिति में शामिल होने से कोरबा समेत पूरे संभाग के पत्रकारों की अधिमान्यता से जुड़ी प्रक्रियाएं और भी पारदर्शी और सुगम होंगी।
राज्य शासन की यह समिति पत्रकारों की अधिमान्यता पर अंतिम अनुशंसा करती है और इसकी बैठकों का संचालन जनसंपर्क विभाग द्वारा किया जाता है। पत्रकार साथी अधिमान्यता से जुड़ी जानकारी या सुझावों के लिए अब कृष्ण कुमार राठौर से सीधे संपर्क कर सकेंगे।





















