कोरबा। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में धान खरीदी शुरू होने के बीच कोरबा जिले के किसानों के लिए अच्छी खबर सामने आई है। किसानों को धान बेचने के लिए लंबी दूरी तय न करनी पड़े, इसके लिए जिले में 8 नए धान खरीदी केंद्र खोलने की अनुमति दी गई है। नए केंद्रों के शुरू होने से कई गांवों के किसानों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
जिला सहकारी केंद्रीय बैंक की ओर से भेजी गई सूची के आधार पर नए केंद्रों के नाम और उनसे जुड़ने वाले गांवों का निर्धारण किया गया है। इन केंद्रों में नवापारा (सि.), परला, परसदा, डोडकी, ढोलपुर, पुरेना, चोड़ा और मुड़ाली शामिल हैं।
नवापारा (सि.) केंद्र से नवापारा, पाल ढुरेना, कोठीखर्रा, सरपता, सिमगा, गड़रा, जामकछार और घोंसरा के किसान धान बेच सकेंगे। परला केंद्र में कापनपारा, धुवापुर, चोटिया, परला, बनिया, भुजंगकछार, मड़ई, लमना, लाद, लालपुर और हड़मोरा गांव को शामिल किया गया है। वहीं परसदा केंद्र से परसदा, बापापुती और शिवपुर के किसानों को सुविधा मिलेगी।
इसी तरह डोडकी केंद्र में टाड़पखना, डोडकी, नवापारा, नानबांका, बहनाईपुर, बड़ेबांका, मदनपुर, सगुना, भोंडकछार, भेलवाटिकरा और पटपरा गांव के किसान धान बेच सकेंगे। ढोलपुर केंद्र से जोरहाडबरी, खमरिया, ढोलपुर और पथरी के किसान जुड़ेंगे। पुरेना केंद्र में पुरेना, खरहरी और जर्वे, चोड़ा केंद्र में चोड़ा, अंडीकछार और रामपुर तथा मुड़ाली केंद्र में मुड़ाली और कटसीरा गांव के किसानों को लाभ मिलेगा।
दूर के केंद्रों की दौड़ होगी कम
अब तक कई गांवों के किसानों को धान बेचने के लिए दूर स्थित खरीदी केंद्रों तक पहुंचना पड़ता था। इससे समय के साथ परिवहन का अतिरिक्त खर्च भी उठाना पड़ता था। नए केंद्र खुलने से किसानों को अपने गांव के नजदीक ही धान बेचने की सुविधा मिलेगी। इससे न केवल आवागमन का खर्च कम होगा, बल्कि मौजूदा धान खरीदी केंद्रों पर भीड़ का दबाव भी घटने की संभावना है।
धान खरीदी व्यवस्था को गांवों के करीब पहुंचाने की यह पहल किसानों के लिए राहत भरी साबित हो सकती है। अब किसानों की नजर इन नए केंद्रों के संचालन और खरीदी व्यवस्था शुरू होने पर रहेगी।
SN इंडिया न्यूज की नजर धान खरीदी व्यवस्था पर बनी रहेगी। किसानों की सुविधा, खरीदी केंद्रों की व्यवस्था और धान खरीदी से जुड़ी हर महत्वपूर्ण अपडेट आप तक पहुंचाते रहेंगे।


